—Advertisement—

शहपुरा में जनशिक्षकों का प्रशिक्षण, स्कूलों में साप्ताहिक जीवन कौशल सत्र पर जोर

एडीटर: Chetram Rajpoot September 28, 2026

—Advertisement—

– सक्षम कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन, अवलोकन और मॉनीटरिंग की प्रक्रिया से कराया गया अवगत

डिंडौरी न्यूज । जनजातीय कार्य विभाग, जिला डिंडौरी के मार्गदर्शन एवं कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में सक्षम जीवन कौशल कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विकासखंड शहपुरा में एक दिवसीय जनशिक्षक प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर पर जीवन कौशल कार्यक्रम को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से संचालित करने के साथ-साथ उसके अवलोकन और मॉनीटरिंग की प्रक्रिया को प्रभावी बनाना रहा।

प्रशिक्षण का आयोजन विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय शहपुरा में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिभागियों के परिचय से हुई। इस दौरान नवपदस्थ विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री संजय जाट का स्वागत भी किया गया।

– तीनों वर्षों के जीवन कौशल पाठ्यक्रम पर हुई विस्तार से चर्चा

प्रशिक्षण के दौरान सक्षम कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित तीनों वर्षों के जीवन कौशल पाठ्यक्रम पर विस्तार से चर्चा की गई। जनशिक्षकों को विद्यालय भ्रमण के दौरान सक्षम कार्यक्रम से संबंधित आवश्यक घटकों की उपलब्धता, उनके उपयोग तथा गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन का अवलोकन करने के संबंध में जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि प्रत्येक विद्यालय में साप्ताहिक जीवन कौशल सत्र नियमित रूप से आयोजित किए जाएं। सत्रों के संचालन के दौरान सामने आने वाली व्यवहारिक समस्याओं और चुनौतियों की पहचान कर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करने के लिए भी जनशिक्षकों को मार्गदर्शन दिया गया।

– डेमो के माध्यम से समझाई सत्र की प्रक्रिया

प्रशिक्षण में एक जीवन कौशल सत्र का डेमो प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से प्रतिभागियों को सत्र की संरचना, गतिविधियों और प्रमुख घटकों को व्यवहारिक रूप से समझाया गया। वहीं पीपीटी के माध्यम से सक्षम जीवन कौशल पाठ्यक्रम एवं कार्यक्रम के क्रियान्वयन की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

समूह कार्य के दौरान जनशिक्षकों एवं अन्य प्रतिभागियों ने कार्यक्रम के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन में आने वाली विभिन्न चुनौतियों की पहचान की। इसके बाद इन चुनौतियों के समाधान तथा कार्यक्रम में अपेक्षित सुधार को लेकर सुझाव भी प्रस्तुत किए गए।

– SQMF Google Form से मॉनीटरिंग की जानकारी

प्रशिक्षण का एक महत्वपूर्ण हिस्सा SQMF Google Form के माध्यम से जीवन कौशल सत्र के अवलोकन एवं मॉनीटरिंग की प्रक्रिया रहा। प्रतिभागियों को बताया गया कि विद्यालय भ्रमण के दौरान सत्रों के संचालन की स्थिति का व्यवस्थित अवलोकन करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जानकारी दर्ज की जाए, ताकि कार्यक्रम के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।

प्रशिक्षण में विकासखंड अकादमिक समन्वयक (बीएसी) एवं जनशिक्षकों ने सहभागिता की। इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री संजय जाट, बीआरसीसी श्री गुरु साहू, जिला प्रबंधक श्री महारन प्रताप सिंह परमार, विकासखंड प्रबंधक श्री अमित शुक्ला सहित बीएसी एवं जनशिक्षक उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यालय स्तर पर सक्षम जीवन कौशल कार्यक्रम को केवल निर्धारित गतिविधि तक सीमित न रखते हुए नियमित, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से संचालित करने तथा उसकी निरंतर मॉनीटरिंग सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

 

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment