—Advertisement—

कन्या छात्रावास में अतिथि शिक्षक की कथित रात्री आवाजाही! छात्रा को मोबाइल देने का आरोप, अधीक्षिका की भूमिका पर सवाल

एडीटर: Chetram Rajpoot November 17, 2026

—Advertisement—

Slide 1
Slide 2
Slide 3

– दो छात्राओं को हॉस्टल से घर भेजने के बाद सामने आया मामला, कथित तौर पर रात 11 से 2 बजे तक छात्रावास में मौजूदगी के भी आरोप

– 15 दिन बाद भी जांच समिति गठित नहीं, अधीक्षिका की भूमिका पर भी उठे सवाल

WhatsApp

डिंडौरी/बजाग। डिंडौरी जिले के बजाग स्थित एकीकृत कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से संबद्ध कन्या छात्रावास में छात्राओं की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। छात्रावास में पदस्थ गणित के अतिथि शिक्षक अशोक राजपूत पर एक छात्रा को मोबाइल फोन देने और उससे बातचीत करने के लिए कहने के आरोप लगे हैं। इसके साथ ही एक शिक्षिका ने संबंधित अतिथि शिक्षक की रात 11 बजे से लेकर देर रात 2 बजे तक छात्रावास में मौजूदगी की बात भी कही है। यदि इन आरोपों की पुष्टि होती है तो यह छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े करेगा।

मामले की गंभीरता इसलिए भी बढ़ जाती है क्योंकि घटनाक्रम सामने आए लगभग 15 दिन बीतने के बाद भी न तो जांच समिति गठित होने की जानकारी सामने आई है और न ही संबंधित अतिथि शिक्षक के विरुद्ध किसी ठोस विभागीय कार्रवाई की पुष्टि हुई है। ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि नाबालिग आदिवासी छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े इस संवेदनशील मामले में शिक्षा विभाग अब तक प्रभावी कदम क्यों नहीं उठा पाया?

Advertisement

– 3 नवंबर की बैठक में हुआ मामले का खुलासा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर को एकीकृत कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य दुर्गा मरावी ने अचानक सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की आवश्यक बैठक बुलाई थी। बैठक में शिक्षिका मनोरमा मरावी ने बताया कि छात्रावास से दो छात्राओं को उनके घर भेज दिया गया था। इसके बाद छात्राओं के पालक के साथ वे विद्यालय पहुंचीं और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।

WhatsApp

शिक्षिका मनोरमा मरावी के अनुसार, बैठक में उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्रावास अधीक्षिका सोम मरावी के सामने यह बात सामने आई कि विद्यालय में पदस्थ वर्ग-2 गणित के अतिथि शिक्षक अशोक राजपूत ने एक छात्रा को मोबाइल फोन दिया था और उससे बातचीत करने के लिए कहते थे। यह जानकारी सामने आने के बाद विद्यालय और छात्रावास की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे।

– रात 11 से 2 बजे तक छात्रावास में मौजूदगी का आरोप

इस मामले में सबसे गंभीर आरोप संबंधित अतिथि शिक्षक की कथित देर रात की आवाजाही को लेकर है। शिक्षिका मनोरमा मरावी ने आरोप लगाया कि अतिथि शिक्षक छात्रावास में छात्राओं को कोचिंग पढ़ाने के लिए आते थे, लेकिन रात 11 बजे से लेकर 2 बजे तक छात्रावास में उनकी मौजूदगी का कारण समझ से परे है।

अब सवाल यह है कि कन्या छात्रावास में किसी पुरुष अतिथि शिक्षक को देर रात तक रहने की अनुमति किसने दी थी? यदि वे छात्राओं को पढ़ाने के लिए आते थे तो क्या इसके लिए कोई निर्धारित समय और अधिकृत व्यवस्था थी? निर्धारित समय के बाद उनकी मौजूदगी की जानकारी छात्रावास अधीक्षिका को थी या नहीं? यदि जानकारी थी तो इस पर रोक लगाने के लिए क्या कदम उठाए गए?

इन सवालों के बीच छात्रावास अधीक्षिका सोम मरावी की भूमिका भी चर्चा में है। हालांकि उनकी जानकारी अथवा किसी प्रकार की संलिप्तता की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पत्रकारों द्वारा पक्ष जानने का प्रयास किए जाने पर उन्होंने सहायक आयुक्त से अनुमति लेकर आने की बात कहते हुए चर्चा करने से इनकार कर दिया।

– प्राचार्य ने मोबाइल देने की बात स्वीकार की, घटना के बाद से विद्यालय नहीं पहुंचे अतिथि शिक्षक

मामले में विद्यालय के प्राचार्य दुर्गा मरावी ने छात्रा को मोबाइल फोन दिए जाने की बात स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद से संबंधित अतिथि शिक्षक अशोक राजपूत विद्यालय नहीं पहुंचे हैं।

हालांकि प्राचार्य ने शिक्षिका मनोरमा मरावी द्वारा अतिथि शिक्षक के रात में छात्रावास आने-जाने संबंधी आरोपों का खंडन किया है। उनका कहना है कि उन्हें अतिथि शिक्षक के रात में छात्रावास आने-जाने की कोई जानकारी नहीं है।

ऐसे में कई महत्वपूर्ण सवाल अनुत्तरित हैं। यदि छात्रा को मोबाइल दिए जाने की जानकारी प्राचार्य को थी तो इसकी सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को दी गई थी या नहीं? घटना के बाद से अतिथि शिक्षक विद्यालय नहीं आ रहे हैं तो उन्हें विभाग की ओर से तलब क्यों नहीं किया गया? क्या उनसे लिखित जवाब मांगा गया है? यदि संबंधित शिक्षक उपलब्ध नहीं हो रहे हैं तो मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई क्यों नहीं की गई?

– छात्रा से माफीनामा लिखवाने के आरोप ने बढ़ाई गंभीरता

पूरे घटनाक्रम में एक और गंभीर आरोप सामने आया है। आरोप है कि छात्रावास अधीक्षिका को बचाने के उद्देश्य से संबंधित छात्रा से माफीनामा लिखवाया गया। इस आरोप के बाद आशंका जताई जा रही है कि कहीं मामले को दबाने अथवा संबंधित लोगों को बचाने के लिए छात्रा या उसके परिजनों पर दबाव तो नहीं बनाया गया।

हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है, लेकिन इसकी निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है। आखिर छात्रा से माफीनामा किस परिस्थिति में लिखवाया गया? किसके कहने पर यह प्रक्रिया हुई और उसमें क्या लिखा गया? क्या छात्रा ने अपनी इच्छा से माफीनामा दिया था या उस पर किसी तरह का दबाव बनाया गया? इन सभी बिंदुओं की जांच होनी चाहिए।

वहीं छात्रा को दिया गया मोबाइल फोन भी जांच का महत्वपूर्ण साक्ष्य हो सकता है। मोबाइल किसके पास है, उसे सुरक्षित क्यों नहीं किया गया और उसमें उपलब्ध डिजिटल जानकारियों की नियमानुसार जांच हुई या नहीं, यह भी स्पष्ट किया जाना आवश्यक है।

– छात्रावास की निगरानी व्यवस्था पर पहले भी उठते रहे हैं सवाल

बजाग के कन्या छात्रावास में सामने आया यह मामला केवल मोबाइल फोन दिए जाने के आरोप तक सीमित नहीं है। इससे पहले भी छात्रावास की व्यवस्थाओं और छात्राओं की देखरेख को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में मौजूदा घटनाक्रम ने एक बार फिर छात्रावास की निगरानी व्यवस्था और जिम्मेदारों की जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कन्या छात्रावास में रहने वाली अधिकांश छात्राएं नाबालिग और आदिवासी समुदाय से आती हैं। उनके अभिभावक अपनी बेटियों को बेहतर शिक्षा और सुरक्षित भविष्य की उम्मीद में छात्रावास भेजते हैं। ऐसे में छात्रावास के भीतर बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही, देर रात तक कथित मौजूदगी और छात्राओं को मोबाइल फोन उपलब्ध कराने जैसे आरोपों को विभाग सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज नहीं कर सकता।

छात्रावास का उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। ऐसे में वहां तैनात अधीक्षिका और संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी केवल छात्राओं की उपस्थिति दर्ज करने तक सीमित नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा और नियमित निगरानी सुनिश्चित करना भी है।

– 15 दिन बाद भी जांच समिति नहीं, विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल

मामले की जानकारी विद्यालय स्तर पर सामने आने के बावजूद अब तक जांच समिति गठित होने की कोई स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक नहीं हुई है। इससे विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब 3 नवंबर को बैठक में पूरा मामला सामने आ गया था, तब विभागीय अधिकारियों ने तत्काल जांच के निर्देश क्यों नहीं दिए? दो छात्राओं को छात्रावास से घर भेजने की परिस्थितियों की जांच क्यों नहीं हुई? मोबाइल देने वाले अतिथि शिक्षक से अब तक लिखित जवाब क्यों नहीं मांगा गया? घटना के बाद से विद्यालय नहीं पहुंच रहे शिक्षक के संबंध में विभाग ने क्या कार्रवाई की?

इसके अलावा छात्रा से माफीनामा लिखवाने के आरोप, मोबाइल फोन की उपलब्धता, छात्रावास के उपस्थिति रजिस्टर और रात में आवाजाही से जुड़े तथ्यों की जांच भी अब तक स्पष्ट नहीं है।

यदि छात्रावास में देर रात किसी शिक्षक की मौजूदगी की बात कही जा रही है तो इसकी पुष्टि के लिए संबंधित कर्मचारियों, छात्राओं और अन्य जिम्मेदारों के बयान दर्ज करना आवश्यक है। साथ ही यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि अतिथि शिक्षक को छात्रावास में प्रवेश की अनुमति किसने और किस उद्देश्य से दी थी।

– मामला संज्ञान में है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी : बीईओ

इस संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारी बजाग बलबीर मरावी ने कहा, “मामला मेरे संज्ञान में है। मुझे छात्रावास अधीक्षिका के द्वारा छात्रा के पास से फोन मिलने की जानकारी मिली है। बाकी यदि और कोई मामला है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।”

बीईओ के इस बयान से यह स्पष्ट है कि मामला विभाग के संज्ञान में है, लेकिन अब तक जांच की दिशा और कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। ऐसे में विभाग की ओर से जांच समिति गठित करने और समयबद्ध जांच कराने की आवश्यकता है।

– छात्राओं की सुरक्षा सर्वोपरि, निष्पक्ष जांच से तय हो जवाबदेही

इस संवेदनशील मामले में सबसे पहले छात्राओं के बयान महिला अधिकारियों की मौजूदगी में गोपनीय और दबावमुक्त वातावरण में दर्ज किए जाने चाहिए। छात्राओं और उनके अभिभावकों को किसी भी प्रकार के दबाव या प्रताड़ना से सुरक्षित रखा जाना जरूरी है।

जांच के दौरान संबंधित मोबाइल फोन को सुरक्षित कर उसकी नियमानुसार डिजिटल जांच कराई जाए। विद्यालय और छात्रावास के उपस्थिति रजिस्टर, प्रवेश संबंधी अभिलेख, कोचिंग के निर्धारित समय और संबंधित शिक्षक तथा कर्मचारियों के बयानों का परीक्षण किया जाए। छात्रा से कथित माफीनामा लिखवाने के आरोप की भी अलग से जांच होनी चाहिए।

यदि जांच में अतिथि शिक्षक द्वारा नियमों का उल्लंघन, छात्रावास में अनधिकृत प्रवेश अथवा किसी अन्य प्रकार की अनुचित गतिविधि की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। इसी तरह यदि छात्रावास अधीक्षिका अथवा अन्य जिम्मेदार कर्मचारियों की लापरवाही या मामले को दबाने की भूमिका सामने आती है तो उनकी जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।

 

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment