—Advertisement—

खेत-खेत पहुंचा कृषि विभाग, फसलों की जमीनी हकीकत परखी; किसानों की समस्याओं का मौके पर समाधान

एडीटर: Chetram Rajpoot September 25, 2026

—Advertisement—

– करंजिया-बजाग में कृषि अधिकारियों ने किया फसल निरीक्षण, बीज, अंकुरण, फसल वृद्धि और प्रबंधन की स्थिति जानी

डिंडौरी न्यूज । कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में कृषि विभाग द्वारा जिले में किसानों के खेतों तक पहुंचकर फसलों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। इसी क्रम में उपसंचालक कृषि के मार्गदर्शन में प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी कृषि श्री कृष्ण कुमार चौहान एवं सहायक संचालक कृषि डॉ. नेहा धूरिया के नेतृत्व में कृषि विभाग के निरीक्षण दल ने विकासखंड करंजिया एवं बजाग के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर कृषकों के खेतों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण दल द्वारा भलखोहा रैयत, गोरखपुर, रूसा, बरबसपुर, देवरी, परसेल माल, बजाग, भिलानिया, झिंझरी एवं मझियाखार सहित अन्य ग्रामों में पहुंचकर फसलों की स्थिति, फसल प्रदर्शन और कृषि गतिविधियों का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने खेतों में पहुंचकर योजनाओं के अंतर्गत वितरित बीजों से तैयार फसलों की स्थिति को प्रत्यक्ष रूप से देखा तथा किसानों से संवाद कर खेती-किसानी से जुड़ी व्यवहारिक समस्याओं की जानकारी ली।

– बीज से लेकर फसल प्रबंधन तक की स्थिति का आकलन

निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन तथा राष्ट्रीय मिशन ऑन एडिबल ऑयल्स–तिलहन के अंतर्गत वितरित बीजों से की गई खेती का अवलोकन किया गया। इसके साथ ही सोयाबीन एवं धान फसल प्रदर्शन की भी स्थिति देखी गई। अधिकारियों ने चयनित कृषकों के खेतों में फसलों के अंकुरण, पौधों की वृद्धि, फसल प्रबंधन तथा संभावित उत्पादन की स्थिति का आकलन किया।

विशेष रूप से सोयाबीन फसल में सामने आ रही अंकुरण संबंधी समस्याओं का स्थल निरीक्षण किया गया। कृषि अधिकारियों ने खेतों की वास्तविक परिस्थितियों के आधार पर किसानों से जानकारी ली और फसल की स्थिति के अनुरूप आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया। किसानों को वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों और उन्नत तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

– किसानों से सीधे संवाद, मौके पर दिए तकनीकी सुझाव

निरीक्षण के दौरान कृषि अधिकारियों ने किसानों से सीधे संवाद करते हुए फसल उत्पादन में आने वाली समस्याओं, बीज की गुणवत्ता एवं उपलब्धता, बुवाई और फसल प्रबंधन से जुड़ी जानकारी ली। किसानों द्वारा बताई गई समस्याओं का परीक्षण कर आवश्यक सुझाव दिए गए तथा यथासंभव समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया।

अधिकारियों ने किसानों को उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने के साथ कृषि लागत कम करने के लिए वैज्ञानिक फसल प्रबंधन अपनाने की सलाह दी। खेतों की वास्तविक स्थिति को ध्यान में रखते हुए फसलवार तकनीकी सुझाव भी दिए गए।

– बरगांव में कृषि चौपाल, भिलानिया में प्रक्षेत्र दिवस

निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान विकासखंड करंजिया के ग्राम बरगांव में कृषि चौपाल तथा विकासखंड बजाग के ग्राम भिलानिया में प्रक्षेत्र दिवस का आयोजन किया गया। चौपाल एवं प्रक्षेत्र दिवस में किसानों से खेती से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस दौरान बीज की समय पर उपलब्धता, अनुशंसित किस्मों का चयन, बुवाई का उचित समय, बीज दर, कतार दूरी, अंकुरण, पौधों की वृद्धि और फसल प्रबंधन सहित विभिन्न विषयों पर कृषि अधिकारियों द्वारा तकनीकी मार्गदर्शन दिया गया।

– यादृच्छिक चयन कर फसल प्रदर्शनों का औचक निरीक्षण

विभागीय योजनाओं के अंतर्गत संचालित फसल प्रदर्शनों की वास्तविक स्थिति का निष्पक्ष आकलन करने के लिए निरीक्षण दल द्वारा कृषकों का यादृच्छिक रूप से चयन कर औचक निरीक्षण भी किया गया। अधिकारियों ने खेतों में फसलों की स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन कर योजनाओं के क्रियान्वयन और फसल प्रदर्शन की वास्तविक स्थिति को समझा।

– कृषि विभाग के इस मैदानी निरीक्षण का उद्देश्य

 योजनाओं के तहत किसानों को उपलब्ध कराई गई सुविधाओं और तकनीकी सहयोग की वास्तविक स्थिति जानने के साथ ही किसानों को उनकी खेत की परिस्थितियों के अनुरूप आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना रहा। अधिकारियों ने किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों का उपयोग कर उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने तथा खेती की लागत को नियंत्रित करने के लिए निरंतर प्रयास करने की सलाह दी।

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment