कलेक्टर हर्ष सिंह ने घानाघाट स्थित न्यूट्री बेकरी इकाई का किया निरीक्षण
डिंडौरी। कलेक्टर हर्ष सिंह ने घानाघाट स्थित न्यूट्री बेकरी इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने इकाई द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। जिसमें तेजस्वनी जिला प्रबंधक यशवंत सोनवानी एवं संघ अध्यक्ष श्रीमती रजनी मंदे ने बताया कि तेजस्वनी नारी विकास महिला संघ के द्वारा केन्द्र का संचालन किया जा रहा है। जिसकी स्थापना समूह के रूप में 2007 में हुई एवं 2013 में संघ बना। क्षेत्र की महिलाओं का चयन कर सरकार की योजनाओं का लाभ देने के उद्देश्य से संघ में जोडकर कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में संघ से 3 हजार से अधिक महिलाएं जुडी हैं जो अलग अलग इकाईयों में कार्यरत हैं। संघ के द्वारा एक जिला एक उत्पाद में शामिल कोदो कुटकी सहित अन्य मिलेट्स के बेकरी उत्पाद बनाए जा रहे हैं।
कलेक्टर हर्ष सिंह ने इकाई का अवलोकन करते हुए बेकरी उत्पादों के बनाने की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने कच्चे माल की प्राप्ति, प्रसंस्करण प्रक्रिया, तैयार उत्पाद सहित मांग आपूर्ति श्रृखंला पर विस्तार से चर्चा की। जिसमें बताया गया कि तैयार उत्पादों को बडे शहरों तक विक्रय किया जा रहा ेहै तथा आईसीडीएस के तहत आपूर्ति की जा रही है। कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने इकाई के कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि मांग आपूर्ति श्रृंखला को बेहतर बनाते हुए कार्य को जारी रखें।