– पर्यावरण संरक्षण और सुपोषण को लेकर विद्यार्थियों ने लिया संकल्प, विद्यालय परिसर में रोपे पौधे
डिंडौरी न्यूज । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय खरगहना में मंगलवार को पौधारोपण एवं विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, पोषण और सामाजिक जागरूकता को केंद्र में रखते हुए विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान विद्यालय परिसर में पौधारोपण के साथ रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता जैसी रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। पौधारोपण के बाद उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण संरक्षण एवं पौधारोपण के प्रति जिम्मेदारी निभाने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और ग्रामीण समुदाय को प्रकृति संरक्षण के साथ समाजहित से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।
– रंगोली और चित्रकला से उकेरे जागरूकता के संदेश
आयोजन के दौरान विद्यार्थियों ने रंगोली एवं चित्रकला के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, सुपोषण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न संदेश प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रकृति को सुरक्षित रखने, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
सुपोषण जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवन के लिए उचित पोषण और बेहतर जीवनशैली की आवश्यकता से अवगत कराया गया।

– पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का संकल्प
कार्यक्रम में वक्ताओं ने पौधारोपण को केवल एक गतिविधि तक सीमित न रखते हुए लगाए गए पौधों के संरक्षण और उनके नियमित देखभाल पर भी जोर दिया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों और ग्रामीण समुदाय में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, पोषण तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विभिन्न गतिविधियों को ग्रामीण स्तर तक पहुंचाते हुए लोगों को शासन की योजनाओं और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। खरगहना में आयोजित कार्यक्रम भी इसी क्रम में विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता से पर्यावरण और सामाजिक जागरूकता का संदेश देने वाला रहा।
– ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला समन्वयक धर्मेन्द्र चौहान, विकासखंड समन्वयक अंजू दुबे, विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य मनीष मरावी, नवांकुर संस्था के खिलावन सी गौतम, मेंटर्स, प्रस्फुटन समिति के सदस्य, शिक्षकगण एवं सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इसके अलावा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष बबलू गौतम, सेवा भारती सचिव रविकांत दुबे, पंचायत सचिव जशवंत मानिकपुरी सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
