– मडियारास हनुमान घाट के आश्रम से 101 वर्षीय बाबा लापता, नर्मदा में गिरने की आशंका
– 33 वर्षों से मड़ियारास के आश्रम में रह रहे थे रामसेवक दास, घाट किनारे मिला डंडा; पुलिस और गोताखोरों ने शुरू किया सर्च अभियान
डिंडौरी। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मड़ियारास स्थित हनुमान घाट से करीब 101 वर्षीय रामसेवक दास बाबा के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। बाबा पिछले लगभग 33 वर्षों से हनुमान घाट स्थित आश्रम में लगातार निवास कर रहे थे। शनिवार शाम उनके आश्रम में नहीं मिलने के बाद ग्रामीणों ने आसपास तलाश शुरू की। इस दौरान नर्मदा नदी के घाट किनारे बाबा का डंडा पड़ा मिला, जिसके बाद उनके नदी में गिरने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और देर रात तक तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन बाबा का कोई सुराग नहीं मिल सका।
– पूजा करने पहुंचे ग्रामीणों को आश्रम में नहीं मिले बाबा
बताया जा रहा है कि शनिवार शाम रोजाना की तरह कुछ ग्रामीण हनुमान घाट स्थित आश्रम में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। ग्रामीणों ने आश्रम में बाबा को तलाश किया, लेकिन वे वहां मौजूद नहीं थे। इसके बाद ग्रामीणों को चिंता हुई और उन्होंने आश्रम के आसपास तथा घाट क्षेत्र में उनकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान नर्मदा नदी के घाट के किनारे बाबा का डंडा रखा हुआ मिला। डंडा मिलने के बाद ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई। आसपास के लोगों ने तत्काल गांव में सूचना दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
– कुछ दिनों से तबीयत खराब होने की बात आई सामने
ग्रामीणों के अनुसार रामसेवक दास बाबा की पिछले कुछ दिनों से तबीयत ठीक नहीं चल रही थी। उम्र अधिक होने के कारण उनके स्वास्थ्य को लेकर ग्रामीण पहले से ही चिंतित थे। ऐसे में घाट के किनारे उनका डंडा मिलना और आश्रम से उनका गायब होना कई सवाल खड़े कर रहा है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि संभवतः नदी के किनारे जाते समय तबीयत बिगड़ने से वे नर्मदा नदी में गिर गए होंगे। हालांकि, बाबा के नदी में गिरने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस द्वारा सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तलाश की जा रही है।
– सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी ग्रामीणों द्वारा कोतवाली थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आसपास के क्षेत्र में खोजबीन शुरू की। शनिवार देर रात तक पुलिस की अलग-अलग टीमों द्वारा घाट और आसपास के संभावित स्थानों पर तलाश की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण बाबा का कोई पता नहीं चल पाया।
– रविवार सुबह गोताखोरों ने संभाला मोर्चा
रविवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में गोताखोरों की टीम को नर्मदा नदी में उतारा गया। गोताखोरों ने नदी के संभावित हिस्सों में सर्च अभियान चलाया। नदी के किनारे भी पुलिस और ग्रामीणों द्वारा लगातार निगरानी रखते हुए तलाश की गई। सुबह से लेकर शाम तक लगातार सर्च अभियान चलने के बावजूद रामसेवक दास बाबा का कोई पता नहीं चल सका। शाम तक बाबा के नहीं मिलने के बाद भी पुलिस और गोताखोरों द्वारा तलाश जारी रखी गई।
– 33 वर्षों से आश्रम में रह रहे थे बाबा
ग्रामीणों के अनुसार रामसेवक दास बाबा पिछले करीब 33 वर्षों से मड़ियारास के हनुमान घाट स्थित आश्रम में रहकर पूजा-पाठ एवं धार्मिक गतिविधियों में अपना समय व्यतीत कर रहे थे। लंबे समय से उनके आश्रम में रहने के कारण ग्रामीणों से उनका गहरा जुड़ाव था। अचानक उनके लापता होने की खबर से पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल है।
फिलहाल पुलिस द्वारा नर्मदा नदी सहित आसपास के क्षेत्रों में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। बाबा नदी में गिरे हैं या किसी अन्य कारण से लापता हुए हैं, इसका पता पुलिस की जांच और तलाश पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
