– एक ही छत के नीचे मिलीं सरकारी योजनाओं की जानकारी और स्वास्थ्य सेवाएं, पात्र हितग्राहियों को बांटे गए हितलाभ; कलेक्टर ने बालक आश्रम का किया निरीक्षण
डिंडौरी न्यूज । मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत शनिवार को ग्राम पंचायत गौरा कन्हारी में जन विश्वास अभियान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं और विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में कुल 115 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया। वहीं पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित किए गए।
शिविर में डिंडौरी विधायक ओमकार मरकाम, शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते, भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जेपी यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेखा सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
गांव में ही मिल रही शासन की सेवाएं : विधायक ओमकार मरकाम
डिंडौरी विधायक ओमकार मरकाम ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शासन की महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से प्रशासन स्वयं ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से जिला एवं विकासखंड मुख्यालय तक पहुंचना कई बार कठिन होता है। ऐसे में गांव में ही शिविर आयोजित होने से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं और विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी समस्याएं शिविर में अधिकारियों के समक्ष रखें और शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : विधायक ओमप्रकाश धुर्वे
शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। शिविर के माध्यम से अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण एक ही स्थान पर उपस्थित होकर समस्याओं के निराकरण की दिशा में कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की है। पानी, बिजली, सड़क, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, भूमि सहित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर ग्रामीण शिविर में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य सहित अन्य विभागीय सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
ग्रामीणों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसलिए गांव पहुंच रहा प्रशासन : कलेक्टर
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इनका मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण करना तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना है।
उन्होंने कहा कि मुख्यालय दूर होने के कारण कई ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर जिला अथवा विकासखंड मुख्यालय तक नहीं पहुंच पाते। ग्रामीणों को छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से प्रशासन स्वयं उनके बीच पहुंच रहा है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। जिन प्रकरणों का निराकरण मौके पर संभव नहीं है, उनका भी निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जन विश्वास अभियान के माध्यम से शासन-प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह वृहद बालक आश्रम का निरीक्षण
जन विश्वास अभियान शिविर के दौरान कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने राजा शंकर शाह रघुनाथ शाह वृहद बालक आश्रम, गौरा कन्हारी का निरीक्षण किया। उन्होंने आश्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, दैनिक गतिविधियों तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को जूते-मोजे एवं पानी की बोतल प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने आश्रम में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।
स्वास्थ्य शिविर में 64 लोगों की जांच, 40 की रक्त जांच
जन विश्वास अभियान शिविर में ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 64 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें बुखार, रक्तचाप, शरीर दर्द, सिरदर्द, कमजोरी सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से संबंधित ग्रामीण शामिल रहे। इसके साथ ही 40 लोगों की रक्त जांच भी की गई।

वहीं आयुष विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य सेवा केंद्र में 70 लोगों का पंजीयन किया गया। चिकित्सकीय परामर्श के बाद आवश्यकतानुसार ग्रामीणों को दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। एक ही स्थान पर स्वास्थ्य परीक्षण, रक्त जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं दवा मिलने से ग्रामीणों ने शिविर का लाभ उठाया।
पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ वितरित
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। अधिकारियों ने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं हितलाभ प्राप्त करने के संबंध में ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के तहत आयोजित इस शिविर ने ग्रामीणों को एक ही स्थान पर शिकायतों के निराकरण, सरकारी योजनाओं की जानकारी, हितलाभ वितरण और स्वास्थ्य सेवाओं की सुविधा उपलब्ध कराई। 115 आवेदनों का मौके पर निराकरण किए जाने से ग्रामीणों को तत्काल राहत मिली।
अभियान के माध्यम से प्रशासन का प्रयास है कि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से जिला एवं विकासखंड मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। गांव-गांव पहुंच रहे ऐसे शिविरों के जरिए प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित होने के साथ ही शासन की योजनाओं की पहुंच भी जमीनी स्तर तक मजबूत हो रही है।
