– चालक वाहन छोड़कर फरार, नंबर प्लेट भी संदिग्ध; हाईवे पर बिखरी शराब की पेटियां, पुलिस और राजस्व अमला जांच में जुटा
डिंडौरी न्यूज । जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे-45 पर शनिवार को एक सड़क हादसे ने कथित तौर पर अवैध शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क की ओर इशारा कर दिया। शहपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत विक्की ढाबा के पास खाद से लदा दिखाई दे रहा एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद जब वाहन का सामान बिखरा तो खाद की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बाहर आ गई। चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वाहन के ऊपरी हिस्से में खाद की बोरियां लदी थीं, जबकि उनके नीचे व्यवस्थित तरीके से अंग्रेजी शराब की सैकड़ों पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। दुर्घटना के बाद सड़क पर शराब की पेटियां बिखर गईं और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही शहपुरा पुलिस और राजस्व विभाग का अमला मौके पर पहुंचा तथा पूरे क्षेत्र को अपने कब्जे में लेकर जब्ती और जांच की कार्रवाई शुरू कर दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बरामद शराब की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक जब्त शराब की वास्तविक संख्या और कीमत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जांच के दौरान एक और चौंकाने वाली बात सामने आई। पिकअप की नंबर प्लेट पर एक अंक गायब मिला, जिससे वाहन की पहचान छिपाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि नंबर प्लेट से छेड़छाड़ जानबूझकर की गई थी या नहीं।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब प्रदेशभर में नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसके बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग से इतनी बड़ी मात्रा में कथित रूप से शराब का परिवहन होना कई सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वाहन दुर्घटनाग्रस्त नहीं होता तो यह पूरी खेप आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच जाती और मामला कभी सामने नहीं आता।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या कार्रवाई केवल फरार चालक और वाहन मालिक तक सीमित रहेगी, या फिर जांच उन लोगों तक भी पहुंचेगी जो इस कथित अवैध कारोबार के पीछे हैं। शराब कहां से लोड हुई, किसके लिए भेजी जा रही थी और इसे किन स्थानों पर खपाया जाना था, यह जांच का महत्वपूर्ण विषय है।
फिलहाल शहपुरा पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और वाहन के पंजीयन, स्वामित्व तथा शराब की खेप से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।











