डिंडौरी न्यूज । जिले के करंजिया विकासखंड स्थित कबीर चबूतरा में गुरुवार को पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने करमण्डल नदी उद्गम स्थल पर दर्शन-पूजन करने के बाद पौधरोपण किया और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर मंत्री श्री पटेल ने कहा कि जल, जंगल और जमीन का संरक्षण मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को पौधरोपण अभियान से जुड़ना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान का प्रतीक बताते हुए इसे जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल भी उतनी ही महत्वपूर्ण है जितना उनका रोपण। यदि समाज मिलकर पौधों का संरक्षण करेगा तो आने वाले समय में हरित और स्वच्छ वातावरण का निर्माण संभव होगा।
कार्यक्रम में शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्यांशु चौधरी, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और प्रकृति के संवर्धन का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।












