– सीपीसीटी अनिवार्यता में छूट, समयमान वेतनमान और स्थाई व दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए समय पर बजट उपलब्ध कराने की उठाई मांग
डिंडौरी न्यूज। मध्यप्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ, जिला शाखा डिंडौरी के तत्वावधान में शनिवार को जनपद पंचायत सभागार में जिला स्तरीय कर्मचारी सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जिले के सभी तहसीलों, विकासखंडों एवं विभिन्न विभागों से बड़ी संख्या में कर्मचारी भाई-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके निराकरण के लिए प्रांतीय नेतृत्व को ज्ञापन सौंपा गया।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में संघ के प्रांताध्यक्ष महेन्द्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री अजय कुमार दुबे, प्रांतीय कोषाध्यक्ष कमलेश पटेल, संभागीय अध्यक्ष विपिन पिपरे तथा अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के जिला अध्यक्ष रवि तेकाम उपस्थित रहे। इसके अलावा मनेंद्र उद्दे, देवेंद्र दीक्षित, रेवा कुशराम, नारायण बनवासी, राकेश गुप्ता सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के जिलाध्यक्ष एवं पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन जिला अध्यक्ष प्रकाश सिंह चंदेल ने किया। इस अवसर पर जिला शाखा की ओर से प्रांताध्यक्ष महेन्द्र शर्मा को कर्मचारियों की समस्याओं से संबंधित विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की पदोन्नति के लिए लागू सीपीसीटी परीक्षा की अनिवार्यता से 45 वर्ष से अधिक आयु के पात्र कर्मचारियों को मुक्त किया जाए। इसके साथ ही जिले में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को समय-समय पर समयमान वेतनमान का लाभ शीघ्र प्रदान करने तथा स्थाई कर्मियों, दैनिक वेतनभोगी एवं अंशकालीन कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए समय पर बजट उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।
प्रांतीय पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें शासन स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने और उनके निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कर्मचारियों से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।
सम्मेलन में संभागीय उपाध्यक्ष मिहीलाल धुर्वे, जिला महामंत्री गोपाल पाठक, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष रुकमणी पटेल, जिला सचिव अशोक यादव, मीडिया प्रभारी मयंक उदेदशिया, जिला उपाध्यक्ष विजय मरावी, भागवानी धुर्वे, फुलेंद्र महोविया, तेजना ब्यौहार, अरुण पटेल, तहसील अध्यक्ष वीरन ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र मालवीय, अनिल मरावी, श्याम उईके, मनोज यादव, मनोज उसराठे, महेंद्र नागेश, धन्नू सिंह परस्ते, सीता बर्मन, मनोज भ्रम, श्रीमती हमेश्वरी तेकाम, वैशाली परस्ते, सरिता धुर्वे, रजिया मरावी, लीला तेकाम, रजनी बर्मन, रामकली परस्ते सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी एवं कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सम्मेलन का समापन कर्मचारियों के हितों की रक्षा, संगठन की मजबूती और लंबित मांगों के शीघ्र समाधान के संकल्प के साथ किया गया।










