होम राज्य मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़़ क्राइम न्यूज इंटरनेशनल न्यूज कोर्ट न्यूज राजनीति संसदीय संपादकीय अर्थ जगत हेल्थ शिक्षा खेल विज्ञान

जनसुनवाई में गूंजे शिक्षा, सड़क, बिजली और वन अधिकार के मुद्दे, कलेक्टर ने दिए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश

akvlive.in

Published

– अतिथि शिक्षक, आंगनवाड़ी नियुक्ति, वन अधिकार और ग्रामीणों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों पर प्रशासन ने दिखाई गंभीरता

डिंडौरी न्यूज। जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों की सुनवाई मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में की गई। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित इस जनसुनवाई में शिक्षा, राजस्व, वन अधिकार, सड़क, बिजली, अनुकंपा नियुक्ति, संबल योजना और आर्थिक सहायता सहित कई महत्वपूर्ण मामलों पर सुनवाई हुई। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में प्राप्त आवेदनों में जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव था, उनका मौके पर ही निराकरण कराया गया, जबकि अन्य प्रकरणों को संबंधित विभागों को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया।

अतिथि शिक्षक ने लगाई पुनः नियुक्ति की गुहार

विकासखंड डिंडौरी के माध्यमिक शाला रूसा में पिछले दो वर्षों से अतिथि शिक्षक के रूप में कार्यरत रहे विवेक कुमार ने शिकायत करते हुए बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में दो नए अतिथि शिक्षकों की पदस्थापना के बाद उन्हें कार्य से अलग कर दिया गया। उन्होंने पुनः अतिथि शिक्षक के पद पर नियुक्ति की मांग की। इस पर कलेक्टर ने सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग को पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

ग्रामीणों ने बंद किए गए शासकीय मार्ग को खुलवाने की मांग की

ग्राम मुड़िया कला के ग्रामीणों ने आवेदन देकर शिकायत की कि पीपर टोला एवं समेला टोला की ओर जाने वाला शासकीय मार्ग बंद कर दिया गया है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। कलेक्टर ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए तहसीलदार डिंडौरी को निर्देशित किया।

वन अधिकार पत्र की मांग पहुंची जनसुनवाई में

वनग्राम दादरघुघरी, ग्राम पंचायत केवलारदर के ग्रामीणों ने वन अधिकार अधिनियम के तहत व्यक्तिगत एवं सामुदायिक वन अधिकार पत्र प्रदान किए जाने की मांग रखी। कलेक्टर ने सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग को आवेदन की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

आंगनवाड़ी सहायिका के पद पर अनुकंपा नियुक्ति की मांग

तहसील शहपुरा के ग्राम बरबसपुर निवासी संतोषी बाई मरकाम ने आवेदन देकर बताया कि उनकी माता आंगनवाड़ी सहायिका थीं, जिनका आकस्मिक निधन हो गया। परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा है और ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने भी उन्हें उसी पद पर नियुक्त करने की अनुशंसा की है। कलेक्टर ने संबंधित विभाग को नियमानुसार जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बिजली के अभाव में वर्षों से अंधेरे में रह रहे ग्रामीण

ग्राम मडियारास के नर्मदा रोड मोहल्ले के ग्रामीणों ने शिकायत की कि उनके मोहल्ले में कई वर्षों से विद्युत कनेक्शन उपलब्ध नहीं है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए मोहल्ले में विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने और समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली नशामुक्ति की शपथ

जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि “नशामुक्त समाज का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए स्वयं भी नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करे।” उन्होंने स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, संयुक्त कलेक्टर भारती मेरावी, एसडीएम रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत मध्यभूमि के बोल समाचार पत्र के संपादक हैं। 2013 से इस दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने madhyabhoomi.in को विश्वसनीय समाचार स्रोत बनाया है, जो मुख्यधारा की मीडिया से अलग, विकास, समानता, आर्थिक और सामाजिक न्याय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित है। हम सच्चाई और पारदर्शिता में विश्वास रखते हैं। मीडिया की स्वतंत्रता और निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए सतत प्रयासरत हैं। बेखौफ कलम... जो लिखता है बेलिबास सच..

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत मध्यभूमि के बोल समाचार पत्र के संपादक हैं। 2013 से इस दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने madhyabhoomi.in को विश्वसनीय समाचार स्रोत बनाया है, जो मुख्यधारा की मीडिया से अलग, विकास, समानता, आर्थिक और सामाजिक न्याय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित है। हम सच्चाई और पारदर्शिता में विश्वास रखते हैं। मीडिया की स्वतंत्रता और निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए सतत प्रयासरत हैं। बेखौफ कलम... जो लिखता है बेलिबास सच..

संबंधित ख़बरें