—Advertisement—

डिंडौरी में केंद्रीय दल ने परखी ‘वीबी जी राम जी’ योजना के कार्यों की गुणवत्ता, हितग्राहियों की सहभागिता को सराहा

एडीटर: Chetram Rajpoot October 14, 2026

—Advertisement—

Contact on WhatsApp

– घानाघाट से चांड़ा तक विभिन्न ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्यों का निरीक्षण, ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन का लिया जायजा

डिंडौरी न्यूज ।जिले में ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित ‘वीबी जी राम जी’ योजना के तहत किए जा रहे विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की गुणवत्ता और क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लेने भारत सरकार के केंद्रीय दल ने 12 से 14 अक्टूबर तक डिंडौरी जिले का भ्रमण किया। तीन दिवसीय निरीक्षण के दौरान दल ने विभिन्न ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्यों का अवलोकन किया और हितग्राहियों तथा श्रमिकों से चर्चा कर योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, स्थानीय सहभागिता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया गया।

केंद्रीय दल में सहायक आयुक्त सुश्री दीक्षा सुप्याल बिष्ट एवं परियोजना अधिकारी सुश्री रेखा पी.एस. शामिल रहीं। दल के साथ प्रदेश स्तरीय प्रतिनिधि के रूप में वीबी जी राम जी विकास आयुक्त कार्यालय, भोपाल के कार्यपालन यंत्री श्री अनुग्रह सिंह तथा सहायक लेखाधिकारी श्री यशवंत मिस्त्री भी उपस्थित रहे।

– कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक के बाद शुरू हुआ निरीक्षण

भ्रमण के पहले दिन कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने योजनांतर्गत जिले में संचालित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। बैठक के बाद केंद्रीय दल ने विकासखंड डिंडौरी की ग्राम पंचायत घानाघाट पहुंचकर कंटूर ट्रेंच, गली प्लग, गैवियन, खेत तालाब, वसुधा वंदन तथा कोदो-कुटकी प्रसंस्करण इकाई का निरीक्षण किया। दल ने इन कार्यों का अवलोकन कर उनके क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया।

इसके बाद ग्राम पंचायत औरई के ग्राम धौरई में ‘एक बगिया मां के नाम’ योजना के तहत किए गए कार्यों का निरीक्षण किया गया। यहां हितग्राही श्रीमती पंचवती धूमकेती से पौधों की गुणवत्ता, देखरेख और संरक्षण के संबंध में चर्चा की गई। हितग्राही ने बताया कि उन्होंने अपनी रुचि से पौधों एवं पोल फेंसिंग की व्यवस्था की है। जनपद स्तर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मार्गदर्शन में पौधों की नियमित देखरेख और संरक्षण किया जा रहा है। केंद्रीय दल ने कार्य की गुणवत्ता और हितग्राही की सक्रिय सहभागिता की सराहना की।

– हिनौता माल और बरगांव में निर्माण कार्यों का जायजा

निरीक्षण के दूसरे दिन, 13 अक्टूबर को केंद्रीय दल ने विकासखंड डिंडौरी की ग्राम पंचायत हिनौता माल में विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। यहां कंटूर ट्रेंच, बोल्डर चेक, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), नंदन फलोद्यान तथा कपिलधारा कूप के प्रगतिरत कार्यों की स्थिति देखी गई। इस दौरान दल ने श्रमिकों से चर्चा कर योजना के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

इसके बाद विकासखंड बजाग की ग्राम पंचायत बरगांव में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) तथा कंटूर ट्रेंच के कार्यों का निरीक्षण किया गया। दल ने मौके पर चल रहे कार्यों का अवलोकन कर उनके क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया।

– पाटनगढ़ की गोंडी पेंटिंग ने खींचा ध्यान

भ्रमण के दौरान विकासखंड करंजिया की ग्राम पंचायत पाटनगढ़ में केंद्रीय दल ने गोंडी पेंटिंग का अवलोकन किया। दल ने स्थानीय कलाकारों की पारंपरिक कला और उनकी रचनात्मकता की सराहना की। इस दौरान क्षेत्र की स्थानीय कला एवं सांस्कृतिक विशेषताओं को भी करीब से देखने का अवसर मिला।

– चांड़ा में प्रधानमंत्री जनमन आवास के कार्यों का निरीक्षण

निरीक्षण के तीसरे दिन, 14 अक्टूबर को केंद्रीय दल विकासखंड बजाग की ग्राम पंचायत चांड़ा पहुंचा। यहां प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों तथा बोल्डर चेक के प्रगतिरत कार्यों का निरीक्षण किया गया। दल ने मौके पर किए जा रहे कार्यों की स्थिति का जायजा लेते हुए निर्माण की गुणवत्ता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का अवलोकन किया।

तीन दिवसीय भ्रमण के दौरान केंद्रीय दल ने जिले के विभिन्न विकासखंडों की ग्राम पंचायतों में संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों का निरीक्षण कर ग्रामीण विकास योजनाओं की जमीनी प्रगति को समझा। निरीक्षण के दौरान विभिन्न कार्यों की गुणवत्ता और योजनाओं में हितग्राहियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की गई।

 

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment