– रेत का अवैध परिवहन करते ट्रैक्टर-ट्रॉली और ओवरलोड गिट्टी से भरा डंपर पकड़ा, संबंधित थानों में सुरक्षार्थ खड़े कराए वाहन
डिंडौरी न्यूज । जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में विभागीय टीम ने 10 एवं 11 अक्टूबर 2026 को अवैध परिवहन से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक डंपर को जब्त कर सुरक्षार्थ संबंधित थानों में खड़ा कराया है।
– शोभापुर में रेत का अवैध परिवहन करते मिला ट्रैक्टर-ट्रॉली
खनिज विभाग की टीम ने तहसील बजाग के ग्राम शोभापुर एवं थाना गाड़ासरई क्षेत्र में जांच के दौरान सोनालिका कंपनी के नीले रंग के ट्रैक्टर-ट्रॉली को रेत का अवैध परिवहन करते हुए पाया। इसके बाद वाहन को कार्रवाई के लिए थाना गाड़ासरई में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया। संबंधित ट्रैक्टर का चेसिस नंबर DXMSH970605SM बताया गया है।
– छपारी रैयत में ओवरलोड गिट्टी परिवहन पर कार्रवाई
इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम ने डिंडौरी तहसील एवं जिला अंतर्गत ग्राम छपारी रैयत में डंपर क्रमांक MP17ZJ6682 को खनिज गिट्टी का ओवरलोड परिवहन करते हुए पकड़ा। नियमों के उल्लंघन के मामले में उक्त डंपर को थाना कोतवाली डिंडौरी में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है।
– कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत होंगे प्रकरण
खनिज विभाग के अनुसार, दोनों वाहनों के विरुद्ध खनिज नियमों के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। संबंधित मामलों में प्रकरण पंजीबद्ध कर उन्हें कलेक्टर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, जहां नियमानुसार आगे की कार्यवाही होगी।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन की रोकथाम के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विभागीय कार्रवाई का उद्देश्य खनिज नियमों का पालन सुनिश्चित करना और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।
