– पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताए साइबर अपराध से बचाव के उपाय, महिला सुरक्षा और करियर निर्माण पर भी किया मार्गदर्शन
डिंडौरी न्यूज । विद्यार्थियों को यातायात नियमों, साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा और नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन में एकलव्य आवासीय विद्यालय, डिंडौरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 200 छात्र-छात्राओं को विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव और करियर निर्माण के लिए लक्ष्य निर्धारित करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में सुरक्षा संबंधी सावधानियां अपनाने, कानून के प्रति जागरूक रहने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। यातायात नियमों के पालन से लेकर ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने तक, विद्यार्थियों को विभिन्न परिस्थितियों में सतर्कता बरतने के तरीके बताए गए।

– यातायात नियमों और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी
यातायात थाना प्रभारी सुभाष उइके ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी देते हुए इनके पालन की आवश्यकता बताई। उन्होंने यातायात नियमों के प्रति जागरूक रहने और सड़क पर सावधानी बरतने के महत्व पर जोर दिया।

प्रधान आरक्षक मुकेश प्रधान ने साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्क रहने तथा साइबर अपराधों से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया।
वहीं, उप निरीक्षक गंगोत्री तुरकर ने महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहने के साथ ही गुड टच-बैड टच जैसे विषयों की जानकारी देने के उद्देश्य से आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में अपनी भूमिका निभाई।
– नशे के दुष्परिणाम बताए, हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी
एसडीओपी सतीश द्विवेदी ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपायों और आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को जागरूक और सतर्क रहकर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने का संदेश दिया।
– लक्ष्य निर्धारित कर करियर निर्माण की तैयारी करने की सीख
पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग के माध्यम से भविष्य निर्माण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। लक्ष्य हासिल करने के लिए अनुशासन, समय प्रबंधन और नियमित अध्ययन को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई और तैयारी पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस सेवा, करियर निर्माण और साइबर सुरक्षा सहित विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उनकी शंकाओं का निराकरण किया। इससे विद्यार्थियों को संबंधित विषयों को समझने और व्यावहारिक जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य राजेश सिंह तोमर, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में पुलिस विभाग ने विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने, महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनने और नशे से दूर रहने की अपील की।
