नशे के सौदागर पर पुलिस का शिकंजा : 1 किलो 995 ग्राम गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
डिंडौरी न्यूज । मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा प्रदेशभर में नशे एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना शाहपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लगभग 2 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से गांजा तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल 81 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) शहपुरा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शाहपुर निरीक्षक केवल सिंह परते द्वारा गठित पुलिस टीम को 14 जून 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति अवैध गांजा लेकर बिक्री करने जा रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल रणनीति बनाकर ग्राम जमगांव से विक्रमपुर जाने वाले सुनसान जंगल मार्ग पर ग्राम टिकरिया के समीप घेराबंदी की। कुछ समय बाद संदिग्ध व्यक्ति को मोटरसाइकिल से आते हुए देखा गया, जिसे रोककर पूछताछ एवं तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान आरोपी की पहचान मुकेश दुबे पिता जागेश्वर प्रसाद दुबे (42 वर्ष), निवासी विक्रमपुर, चौकी विक्रमपुर, थाना शाहपुरा के रूप में हुई। उसके पास रखे काले रंग के बैग की तलाशी लेने पर उसमें 1 किलो 995 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 14 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा के साथ उसकी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP 52 ME 3378 भी जब्त कर ली। जब्त गांजा एवं वाहन सहित कुल 81 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जप्त की गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना शाहपुर में अपराध क्रमांक 169/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा हेतु न्यायालय डिंडौरी में प्रस्तुत किया गया।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक केवल सिंह परते, सहायक उपनिरीक्षक रामप्रसाद यादव, प्रधान आरक्षक कोदूराम जोगी, आरक्षक रोहित मरकाम, दीपक धुर्वे एवं अंकित मरावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।












