– झूलों के संचालन पर रोक, विद्युत एवं फायर सेफ्टी व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश
डिंडौरी न्यूज । जिला मुख्यालय में आयोजित मेला एवं प्रदर्शनी की सुरक्षा व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति उस समय सामने आई जब कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देश एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) डिंडौरी के मार्गदर्शन में नगर निकाय की टीम ने प्रदर्शनी स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े कई गंभीर मामले उजागर हुए, जिन्हें देखते हुए प्रशासन ने तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश जारी किए हैं।
निरीक्षण में पाया गया कि प्रदर्शनी परिसर में विद्युत व्यवस्था पूरी तरह व्यवस्थित नहीं थी। कई स्थानों पर खुले बिजली के तार लटकते मिले, जिससे करंट लगने अथवा अन्य दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई थी। बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही वाले इस आयोजन में ऐसी लापरवाही को प्रशासन ने अत्यंत गंभीर माना है।
इसके अलावा मेले में आने वाले नागरिकों, विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों के लिए पर्याप्त शौचालय व्यवस्था उपलब्ध नहीं पाई गई। वहीं आगजनी जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक फायर सेफ्टी उपकरणों एवं अग्निशमन व्यवस्था का भी अभाव देखा गया। निरीक्षण दल ने पाया कि आपातकालीन निकासी के लिए बनाए जाने वाले एग्जिट प्वाइंट्स और दिशा-सूचक संकेतक भी पर्याप्त संख्या में स्थापित नहीं किए गए हैं, जिससे किसी भी आकस्मिक स्थिति में लोगों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
प्रशासन ने सुरक्षा संबंधी कमियों को गंभीरता से लेते हुए आयोजकों एवं संबंधित अधिकारियों को तत्काल सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्हें स्पष्ट रूप से कहा गया है कि विद्युत व्यवस्था को मानकों के अनुरूप सुरक्षित बनाया जाए, पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता के साथ फायर सेफ्टी मानकों का पालन किया जाए तथा आपातकालीन निकास मार्गों को स्पष्ट रूप से चिन्हित कर आवश्यक संकेतक लगाए जाएं।
नगर निकाय ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जब तक सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों एवं व्यवस्थाओं का पालन सुनिश्चित नहीं हो जाता, तब तक मेले का संचालन पूर्ण रूप से निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं माना जाएगा।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एहतियातन मेला परिसर में संचालित सभी झूलों को आगामी आदेश तक बंद रखने के निर्देश भी जारी कर दिए हैं। इससे स्पष्ट है कि प्रशासन किसी भी प्रकार की दुर्घटना या अप्रिय घटना को लेकर कोई जोखिम लेने के पक्ष में नहीं है।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष कोरी, सुरेंद्र बिहारी शुक्ला, अनिकेत वैश्य, यशवंत मसराम, तपस्या दुबे सहित नगर निकाय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा की गई इस कार्रवाई को मेले में आने वाले हजारों नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा हैं।











