– पांच वर्षों के बड़े NDPS मामलों की होगी समीक्षा, जिलावार ड्रग्स हॉटस्पॉट और अंतरराज्यीय तस्करी मार्गों की मैपिंग के निर्देश
भोपाल न्यूज ।प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस मुख्यालय में राज्य स्तरीय नारकोटिक्स समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा ने की। इस दौरान प्रदेश में सक्रिय मादक पदार्थों के प्रमुख तस्करों, संगठित आपराधिक नेटवर्क, तस्करी मार्गों और ड्रग्स हॉटस्पॉट की पहचान कर उनके विरुद्ध सुनियोजित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस महानिदेशक श्री मकवाणा ने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई केवल नशीले पदार्थों की जब्ती और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि तस्करी के पूरे नेटवर्क, उसके आर्थिक स्रोतों और आपूर्ति श्रृंखला को ध्वस्त करना कार्रवाई का मुख्य लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने फरार आरोपियों एवं विदेशी नागरिकों की गिरफ्तारी के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने तथा उनके विरुद्ध समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में पिछले पांच वर्षों के बड़े NDPS (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस) प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जिलावार ड्रग्स हॉटस्पॉट की पहचान एवं मैपिंग, मादक पदार्थों की अवैध खेती के विरुद्ध कार्रवाई और अंतरराज्यीय तस्करी मार्गों की सतत निगरानी को लेकर रणनीति बनाने पर चर्चा हुई। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि तस्करी से जुड़े प्रमुख आरोपियों, उनके सहयोगियों और नेटवर्क की गतिविधियों की जानकारी जुटाकर कार्रवाई को अधिक प्रभावी बनाया जाए।
– रियल टाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग और वित्तीय जांच पर जोर
बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विभिन्न जांच एवं प्रवर्तन एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया गया। MAC प्लेटफॉर्म के माध्यम से रियल टाइम इंटेलिजेंस साझा करने और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मादक पदार्थों के निर्माण एवं तस्करी में उपयोग होने वाले केमिकल्स के अवैध डायवर्जन पर निगरानी रखने को कहा गया।
पुलिस महानिदेशक ने तस्करी से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उनकी वित्तीय जांच करने, अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों को फ्रीज करने तथा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर प्रहार करने की आवश्यकता बताई। इसके अलावा लंबित NDPS प्रकरणों में प्रभावी पैरवी कर आरोपियों को कानून के अनुसार सजा दिलाने के लिए अभियोजन पक्ष की कार्यवाही मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।
– एजेंसियों के बीच समन्वय से बनेगी प्रभावी रणनीति
बैठक में मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई को अधिक परिणाममूलक बनाने के लिए पुलिस, नारकोटिक्स और अन्य केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय एजेंसियों के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान तथा संयुक्त कार्रवाई की आवश्यकता पर चर्चा की गई।
बैठक में विशेष पुलिस महानिदेशक रेल श्री राजाबाबू सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नारकोटिक्स श्री डी. श्रीनिवास वर्मा, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक गुप्तवार्ता श्री अंशुमान यादव, प्रधान अतिरिक्त महानिदेशक डीआरआई इंदौर श्री मो. शमशाद आलम, संयुक्त निदेशक एसआईबी भोपाल श्रीमती अमृता दास सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य संदेश स्पष्ट रहा कि प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई अब केवल छोटे तस्करों और नशीले पदार्थों की बरामदगी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि संगठित तस्करी गिरोहों, उनके आर्थिक मददगारों, आपूर्ति तंत्र और पूरे नेटवर्क को निशाने पर लेकर व्यापक कार्रवाई की जाएगी।



