– वर्ष 2019 से लंबित भरण-पोषण प्रकरण में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी शहपुरा ने सुनाया आदेश, राशि जमा नहीं करने पर होगी वैधानिक कार्रवाई
शहपुरा। भरण-पोषण की बकाया राशि के भुगतान को लेकर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी शहपुरा ने महत्वपूर्ण आदेश पारित किया है। न्यायालय ने डॉक्टर सतेंद्र परस्ते को रवि उर्फ लकी परस्ते के पक्ष में 13 लाख 35 हजार रुपये की बकाया भरण-पोषण राशि एक माह के भीतर भुगतान करने के निर्देश दिए हैं। न्यायालय ने आदेश में स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में राशि जमा नहीं करने की स्थिति में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीमती राधा परस्ते एवं उनके पुत्र रवि उर्फ लकी परस्ते ने वर्ष 2019 में डॉक्टर सतेंद्र परस्ते के विरुद्ध भरण-पोषण का दावा न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी शहपुरा के न्यायालय में प्रस्तुत किया था। प्रकरण में दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद न्यायालय ने रवि उर्फ लकी परस्ते को प्रतिमाह 15 हजार रुपये भरण-पोषण राशि दिए जाने का आदेश पारित किया था।
हालांकि, उक्त आदेश के विरुद्ध डॉक्टर सतेंद्र परस्ते द्वारा मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर से स्थगन आदेश प्राप्त कर लिया गया था। इसके चलते रवि उर्फ लकी परस्ते को भरण-पोषण की राशि प्राप्त नहीं हो पा रही थी। बाद में उच्च न्यायालय से स्थगन आदेश समाप्त होने के उपरांत बकाया भरण-पोषण राशि प्राप्त करने के लिए न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी शहपुरा के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया गया।
इस मामले में प्रकरण क्रमांक MJCR 149/2026, रवि उर्फ लकी परस्ते विरुद्ध डॉक्टर सतेंद्र परस्ते में सुनवाई करते हुए न्यायालय ने 11 नवंबर 2026 को आदेश पारित किया। आदेश के तहत डॉक्टर सतेंद्र परस्ते को 13 लाख 35 हजार रुपये की बकाया भरण-पोषण राशि एक माह के भीतर अदा करनी होगी। निर्धारित समयावधि में भुगतान नहीं किए जाने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
-अधिवक्ताओं ने की पैरवी
उक्त प्रकरण में आवेदक पक्ष की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता दयाराम साहू के नेतृत्व में अधिवक्ता निर्मल कुमार साहू, विनय झारिया, गजाधर साहू एवं लवकुश झारिया ने पैरवी की। न्यायालय के इस आदेश के बाद अब निर्धारित समयसीमा में बकाया भरण-पोषण राशि के भुगतान पर निगाहें रहेंगी।



