—Advertisement—

शाहपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1.75 लाख की अंग्रेजी शराब और बाइक जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार

एडीटर: Chetram Rajpoot June 3, 2026

—Advertisement—

डिंडौरी न्यूज। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शाहपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 61.2 लीटर अंग्रेजी शराब एवं तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 75 हजार 600 रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन में जिलेभर में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा तथा एसडीओपी शहपुरा अजय तिवारी के मार्गदर्शन में थाना शाहपुर पुलिस ने यह महत्वपूर्ण कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी निरीक्षक केवल सिंह परते ने अवैध शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष टीम गठित कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग डिंडौरी से ग्राम सारसताल की ओर मोटरसाइकिल से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने 2 जून की मध्यरात्रि को घेराबंदी कर कार्रवाई की और तीन संदिग्धों को पकड़ लिया।

पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 7 कार्टून (पेटियों) में भरी 340 पाव अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 61.2 लीटर तथा अनुमानित कीमत 47 हजार 600 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब परिवहन में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 28 हजार रुपये है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्ण कुमार उर्फ छोटा ठाकुर निवासी डिंडौरी, रिंकू उर्फ डॉन उर्फ नरेश कछवाहा निवासी वार्ड क्रमांक 03 शाहपुर तथा दुर्गेश वंशकार निवासी शाहपुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 158/2026 के तहत मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी शराब की खेप कहां से लाए थे और इसे किन क्षेत्रों में खपाने की तैयारी थी।

पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार में लिप्त तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई में इनका रहा विशेष योगदान

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक केवल सिंह परते, उप निरीक्षक रामप्रसाद यादव, प्रधान आरक्षक मुकेश प्रधान, आरक्षक दीपक धुर्वे, रोहित, कमलेश, अंकित मरावी, महिला आरक्षक पल्लवी पाराशर एवं ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment