—Advertisement—

अवैध छूही मिट्टी खदान धंसी, मलबे में दबने से महिला की मौत

एडीटर: Chetram Rajpoot June 1, 2026

—Advertisement—

– पड़रिया में दर्दनाक हादसा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी: कई लोगों के दबे होने की आशंका

डिंडौरी न्यूज । जिले के शाहपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पड़रिया में रविवार को एक अवैध छूही मिट्टी खदान के धंस जाने से बड़ा हादसा हो गया। खदान के मलबे में दबने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोगों के भी मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल निर्मित हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पड़रिया में लंबे समय से छूही मिट्टी का खनन किया जा रहा था। रविवार को भी कई लोग मिट्टी निकालने के लिए खदान में पहुंचे हुए थे। इसी दौरान अचानक खदान का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर ढह गया और वहां मौजूद लोग मलबे की चपेट में आ गए। हादसा इतना अचानक हुआ कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

घटना की सूचना मिलते ही शहपुरा पुलिस, राजस्व विभाग की टीम और स्थानीय जनप्रतिनिधि तत्काल मौके पर पहुंचे। प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए जेसीबी मशीनों की सहायता से मलबा हटाने का कार्य किया जा रहा है। रेस्क्यू टीम लगातार संभावित दबे हुए लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय खदान में एक से अधिक लोग मौजूद थे। इसी वजह से प्रशासन किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रहा है और पूरे क्षेत्र में सघन खोज अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल के आसपास घेराबंदी कर लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। प्रशासन द्वारा मृत महिला की पहचान एवं उसके परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

इस घटना ने एक बार फिर अवैध खनन गतिविधियों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से मिट्टी खनन का कार्य चल रहा था, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। यदि समय रहते आवश्यक सावधानियां बरती जातीं तो इस प्रकार की दुर्घटना को टाला जा सकता था। फिलहाल प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment