डिंडौरी। जिले के गाड़ासरई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत खाम्हा के किसान टोला में शुक्रवार को शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा।
कार्रवाई के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने राजस्व व पुलिस अमले को घेर लिया। देर शाम अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचने के बाद हालात नियंत्रित किए जा सके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किसान टोला में करीब 12 लोगों द्वारा शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान बना लिए गए थे। बताया जा रहा है कि सड़क मार्ग को प्रभावित करते हुए किए गए निर्माण के कारण वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मामले को लेकर ग्रामीणों एवं ग्राम पंचायत द्वारा प्रशासन से शिकायत की गई थी।
शिकायत के आधार पर समनापुर तहसीलदार शुक्रवार को राजस्व अमले एवं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। प्रशासन ने पहले एक अवैध निर्माण को शांतिपूर्ण तरीके से हटाया, लेकिन जैसे ही दूसरे मकान को तोड़ने की प्रक्रिया शुरू हुई, वहां मौजूद कब्जाधारियों और उनके समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल गर्मा गया और ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए प्रशासनिक अमले को घेर लिया।
स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद अधिकारियों ने अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया। देर शाम अतिरिक्त पुलिस बल गांव पहुंचा और ग्रामीणों को समझाइश दी गई। काफी मशक्कत और बातचीत के बाद ग्रामीण शांत हुए तथा प्रशासनिक अमले को सुरक्षित गांव से बाहर निकाला गया।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही। प्रशासन द्वारा मामले पर नजर रखी जा रही है। सूत्रों के अनुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगामी दिनों में पुनः शुरू की जा सकती है।
– सड़क अवरुद्ध होने से ग्रामीण थे परेशान
स्थानीय लोगों का कहना है कि शासकीय भूमि पर किए गए अवैध निर्माण के कारण मार्ग पूरी तरह संकरा हो गया था, जिससे चारपहिया वाहन तो दूर, कई बार बाइक और एंबुलेंस तक निकालने में परेशानी होती थी। ग्रामीण लंबे समय से प्रशासन से अतिक्रमण हटाने की मांग कर रहे थे।












