डिंडौरी न्यूज । राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत कार्यरत संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। कर्मचारियों ने जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश उरैती के नेतृत्व में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को ज्ञापन सौंपते हुए शासन से शीघ्र मांगों के निराकरण की मांग की है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो जिलेभर के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी 2 जून 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों का कहना है कि वे वर्षों से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारियों जैसी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। कर्मचारियों ने नियमितीकरण, वेतन विसंगति दूर करने, सामान्य कार्य के बदले सामान्य वेतन, महंगाई भत्ता (DA), एनपीएस सुविधा, नौकरी सुरक्षा सहित अन्य मांगों को लेकर शासन के समक्ष कई बार अपनी बात रखी, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश उरैती ने कहा कि शासन की उदासीनता के कारण संविदा कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। उन्होंने बताया कि यदि जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 2 जून से जिलेभर में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े संविदा कर्मचारी कार्य बहिष्कार करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे। उन्होंने बताया कि हड़ताल का सीधा असर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ सकता है।
विशेष रूप से टीकाकरण अभियान, प्रसूति सेवाएं, ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम, मरीजों की जांच, प्राथमिक उपचार एवं आपातकालीन सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है। वर्तमान गर्मी के मौसम में डायरिया, वायरल फीवर, लू एवं अन्य मौसमी बीमारियों से संबंधित स्वास्थ्य सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है, जिससे आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे। इनमें नेहा सिहारें, उपेन्द्र पारासर (जिला उपाध्यक्ष), जिला कोषाध्यक्ष, राजेश मरावी (जिला संयोजक), संतोष बर्मन (जिला सचिव), कमल ठाकुर (जिला मीडिया प्रभारी), गिरीश डेहरिया (जिला सह मीडिया प्रभारी), अंजना धुर्वे (जिला महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष), रूपा नामदेव (जिला महिला प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष), वरिष्ठ मार्गदर्शक सुशील नामदेव, आनंद मोहरे, अंकित चौरसिया, विजय सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। सभी कर्मचारियों ने एकजुट होकर शासन के खिलाफ नाराजगी जताई और अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार आवाज बुलंद की।
– संभावित हड़ताल से स्वास्थ्य विभाग की बढ़ी चिंता
स्वास्थ्य विभाग में बड़ी संख्या में NHM संविदा कर्मचारी विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का संचालन करते हैं। ऐसे में यदि हड़ताल लंबी चली तो ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती हैं। अब सभी की निगाहें शासन और स्वास्थ्य विभाग के आगामी निर्णय पर टिकी हुई हैं।












