डिंडौरी न्यूज । जिले के करंजिया वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने वन्य जीव संरक्षण को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शिकार और वन्य जीवों के मांस के परिवहन में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से मोटरसाइकिल में ले जाया जा रहा जंगली सुअर का कच्चा मांस बरामद किया गया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शिकार करने वालों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वन विभाग की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग जंगल क्षेत्र में वन्य जीव का शिकार कर उसका मांस अवैध रूप से परिवहन कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए करंजिया वन परिक्षेत्र की टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू की।
वन विभाग की टीम ने संदेह के आधार पर मोटरसाइकिल सवार लोगों को रोककर तलाशी ली, जहां उनके पास से भारी मात्रा में जंगली सुअर का कच्चा मांस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर टीम ने सभी पांचों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही शिकार और मांस परिवहन में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों का संबंध किसी बड़े शिकार गिरोह से तो नहीं है।
वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि वन्य जीवों के अवैध शिकार और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग की इस कार्रवाई को वन्य जीव संरक्षण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।












