—Advertisement—

होम /

पीटीएस उमरिया में देशभक्ति और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन, 222 नवआरक्षकों की दीक्षांत परेड सम्पन्न

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot May 19, 2026

—Advertisement—

– पुलिस महानिरीक्षक सुश्री एन. चैत्रा ने ली सलामी, उत्कृष्ट प्रशिक्षुओं को किया सम्मानित

उमरिया। पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय (पीटीएस) उमरिया में 39वें नवआरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण सत्र का दीक्षांत परेड समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में कुल 222 नवआरक्षकों ने अनुशासन, समर्पण और देशभक्ति का परिचय देते हुए शानदार परेड प्रस्तुत की, जिसने उपस्थित अतिथियों और नागरिकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक शहडोल जोन, शहडोल सुश्री एन. चैत्रा (भा.पु.से.) रहीं, जिन्होंने परेड की सलामी लेकर नवआरक्षकों के उत्साह और प्रशिक्षण की सराहना की। इस अवसर पर पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय उमरिया के पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश वैश्य (रा.पु.से.) ने नवआरक्षकों को देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की शपथ दिलाई।

दीक्षांत परेड की कमान नवआरक्षक शुभम लोधा ने संभाली, जबकि टू-आईसी की जिम्मेदारी संदीप वर्मा ने निभाई। प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार मुख्य अतिथि द्वारा नगद पुरस्कार, प्रमाण-पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि सुश्री एन. चैत्रा ने प्रशिक्षण सत्र के सफल संचालन के लिए पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश वैश्य एवं उनकी संपूर्ण टीम की सराहना करते हुए कहा कि प्रशिक्षित नवआरक्षक भविष्य में पुलिस विभाग की मजबूत कड़ी बनकर जनता की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम के उपरांत पीटीएस परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी उमरिया ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। समारोह में आभार प्रदर्शन उप पुलिस अधीक्षक पीटीएस श्रीमती लवली सोनी द्वारा किया गया, जबकि मंच संचालन श्री सुशील मिश्रा ने किया।

दीक्षांत समारोह में जिले के पत्रकारगण, गणमान्य नागरिक, विभिन्न जिलों से आए प्रशिक्षणार्थियों के परिजन तथा पीटीएस उमरिया के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह देशभक्ति, अनुशासन और गौरवपूर्ण वातावरण के बीच संपन्न हुआ।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment