—Advertisement—

इंस्टाग्राम पर नाबालिग की अश्लील फोटो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

एडीटर: Chetram Rajpoot April 20, 2026

—Advertisement—

– दोस्ती टूटने के बाद बदले की भावना में किया कृत्य, पुलिस ने मोबाइल व सिम जब्त कर लिया रिमांड

मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक 17 वर्षीय नाबालिग बालिका की अश्लील फोटो और आपत्तिजनक संदेश वायरल करने वाले आरोपी को पुलिस ने छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी द्वारा पोस्ट में बालिका का मोबाइल नंबर साझा कर उसे सेक्स वर्क से जोड़कर बदनाम करने की कोशिश की गई, जिससे पीड़िता और उसके परिजनों का जीवन संकट में आ गया था।

पीड़िता ने अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री मोती उर रहमान से मिलकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67 एवं 67ए के तहत अपराध क्रमांक 42/26 दर्ज किया गया।

थाना प्रभारी अरविंद जैन के नेतृत्व में गठित टीम ने साइबर सेल की मदद से इंस्टाग्राम आईडी की तकनीकी जांच करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई। पुलिस टीम ने आरोपी उत्तरा कुमार उर्फ उदय केवट (34 वर्ष), निवासी ग्राम गतवा, थाना बिलरा, जिला जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

– जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह जम्मू-कश्मीर के कठुआ में अपने माता-पिता के साथ निजी नौकरी करता था, जहां उसकी पहचान अनूपपुर की उक्त नाबालिग बालिका से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत और मित्रता का संबंध था, लेकिन जब बालिका ने उससे बात करना बंद कर दिया, तो आरोपी ने बदले की भावना से यह आपत्तिजनक कदम उठाया।

– डिजिटल सबूत जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से रेडमी कंपनी का स्मार्टफोन और दो मोबाइल सिम कार्ड जब्त किए हैं, जिनका उपयोग अश्लील फोटो और मैसेज पोस्ट करने में किया गया था।

पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी महिला, बालिका या व्यक्ति की अश्लील फोटो या आपत्तिजनक सामग्री सोशल मीडिया पर वायरल कर उन्हें परेशान किया जाता है, तो तत्काल नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment