– नवागत एसपी ने कहा — कानून व्यवस्था मजबूत करना और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान होगी प्राथमिकता
अनूपपुर। जिला पुलिस विभाग में मंगलवार को प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिला, जब नवागत पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत मुराब ने विधिवत रूप से जिला अनूपपुर के पुलिस अधीक्षक पद का कार्यभार ग्रहण किया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
कार्यभार ग्रहण के अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगनाथ मरकाम, एसडीओपी पुष्पराजगढ़ श्री नवीन तिवारी, एसडीओपी कोतमा श्रीमती आरती शाक्य, डीएसपी श्री एन.एस. ठाकुर, रक्षित निरीक्षक श्रीमती ज्योति दुबे, मुख्य लिपिक श्री राम सिंह उईके, यातायात प्रभारी श्री विनोद दुबे तथा सूबेदार पुलिस लाइन श्री अम्बरीष साहू सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नवागत पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं।
पदभार संभालने के बाद पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत मुराब ने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण, पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता और जनता के प्रति संवेदनशील कार्यशैली उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
नवागत एसपी के आगमन से जिले के पुलिस विभाग में नई ऊर्जा और प्रशासनिक सक्रियता की उम्मीद जताई जा रही है। अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उनके नेतृत्व में बेहतर समन्वय और प्रभावी पुलिसिंग की आशा व्यक्त की है।












