—Advertisement—

होम /

Mandla Crime News: घरेलू विवाद में मां को जमीन पर पटका, फिर पत्थर से कुचलकर मार डाला

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot April 19, 2026

—Advertisement—

– अंधी हत्या का 48 घंटे में पर्दाफाश, पति और बेटा ही निकले कातिल

मध्यप्रदेश के मण्डला जिले के निवास थाना अंतर्गत ग्राम घुरनेर में पिछले दिनों हुई एक महिला की संदिग्ध मौत की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। जिसे शुरुआत में ‘अंधी हत्या’ माना जा रहा था, उसकी परतें जब खुलीं तो रिश्ते शर्मसार हो गए। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि महिला की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके सगे बेटे और पति ने मिलकर की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

– क्या था मामला?

17 अप्रैल 2026 को ग्राम घुरनेर में 45 वर्षीय तुलसा बाई की लाश उसके घर के अंदर लहूलुहान हालत में मिली थी। मृतिका के भाई मुकेश पटेल (निवासी ग्राम परतला, जबलपुर) की रिपोर्ट पर थाना निवास में धारा 194 बीएनएसएस एवं अपराध क्रमांक 72/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने तत्काल टीम गठित कर मामले की जांच के निर्देश दिए थे।

– 15 साल की रंजिश का खूनी अंत

पुलिस की विवेचना में यह बात सामने आई कि मृतिका तुलसा बाई और उसके पति चन्द्रिका प्रसाद के बीच पिछले 15-20 वर्षों से पारिवारिक अनबन चल रही थी, जिसके कारण दोनों अलग-अलग रह रहे थे। 15 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे पुरानी बातों को लेकर फिर से विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि बेटे मनोहर (24 वर्ष) ने गुस्से में आकर अपनी मां को उठाकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद पति चन्द्रिका प्रसाद (50 वर्ष) ने महिला का गला दबाया और पास ही रखे पत्थर से उसके सिर व चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

– साक्ष्य छिपाने की कोशिश हुई नाकाम

वारदात क अंजाम देने के बाद पिता-पुत्र ने सबूत मिटाने की भी कोशिश की। दोनों ने खून से सने अपने कपड़े बदले और हाथ-पैर धोकर सामान्य दिखने का प्रयास किया। लेकिन घटनास्थल पर पहुँची एफएसएल (FSL) टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से पुलिस को महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य मिले। संदेह के आधार पर जब पति और बेटे को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस अंधे कत्ल का खुलासा करने में थाना प्रभारी निवास निरीक्षक गोपाल घासले, उनि पंकज विश्वकर्मा, उनि हिमांशु चौहान और सउनि भुवन का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना के समय पहने हुए खून लगे कपड़े और हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर बरामद कर लिया है।

#Mandla Today News

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment