—Advertisement—

होम /

नवागत एसपी ने संभाली कमान, सख्त कानून व्यवस्था और संवेदनशील पुलिसिंग पर जोर

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot May 5, 2026

—Advertisement—

 जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव हुआ। पुलिस अधीक्षक कार्यालय मंडला में श्री राजेश रघुवंशी ने विधिवत रूप से पुलिस अधीक्षक (SP) का पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने जिले में प्रभावी पुलिसिंग और त्वरित कार्रवाई के स्पष्ट संकेत दिए।

पदभार ग्रहण के उपरांत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिव कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें एसडीओपी मंडला श्री पीयूष मिश्रा, एसडीओपी बिछिया श्री सौरभ तिवारी, एसडीओपी नैनपुर श्री मनीष राज, एसडीओपी निवास श्री पी.एस. वालरे, डीएसपी श्री सतीश चतुर्वेदी, रक्षित निरीक्षक सुनील नागवंशी सहित विभिन्न थाना एवं चौकी प्रभारियों ने सहभागिता की। पदभार संभालने के बाद नवागत पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंशी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अधिकारियों की औपचारिक बैठक ली। बैठक के दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और उनके कार्य-प्रणाली एवं जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी ली।

बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में गंभीर अपराधों पर तत्काल और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से NDPS (नशीले पदार्थों) और अन्य अवैध गतिविधियों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित न्याय सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने “ऑपरेशन मुस्कान” को प्रभावी ढंग से संचालित करने, जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने तथा सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। साथ ही बीट प्रणाली को सक्रिय कर पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने पर बल दिया।

इसके अलावा मुख्य मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने, पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए हेल्थ कार्ड बनवाने तथा नशे के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए।

पदभार ग्रहण के पश्चात पुलिस अधीक्षक ने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment