मध्यप्रदेश के मंडला जिले की महाराजपुर थाना क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। ग्राम ऊपरटोला केहरपुर निवासी 35 वर्षीय प्रभू मरावी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, 29 मार्च 2026 को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई प्रभू मरावी की मौत के बाद थाना महाराजपुर में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित कर तेजी से कार्रवाई की गई। जांच के दौरान सामने आया कि मृतक का गांव के ही शिवम मरावी (30 वर्ष) के साथ पूर्व से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच पहले भी मारपीट हो चुकी थी और आरोपी द्वारा मृतक को जान से मारने की धमकी दी गई थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि प्रभू मरावी की मौत सिर में गंभीर चोट और छाती पर लगे ब्लंट ट्रॉमा के कारण हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि 28 मार्च को गांव बेरटोला में शराब पीने के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद रात में महाराजपुर लौटने पर विवाद फिर बढ़ गया। इसी दौरान मृतक द्वारा पत्थर से हमला करने की कोशिश की गई, जिसके बाद आरोपी ने पास में पड़े सीमेंट के पत्थर से उसके सिर, सीना और पेट पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने घटना में इस्तेमाल पत्थर को झाड़ियों में छिपा दिया था, जिसे पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बरामद कर लिया। साथ ही खून से सने कपड़े भी जब्त किए गए हैं।
पूरे मामले में एसडीओपी पीयूष मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी डॉ. जयसिंह यादव सहित पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।












