—Advertisement—

खौफनाक: बैंक ऑफ महाराष्ट्र में कट्टे की नोक पर तांडव : कर्मचारियों को पीटा, करोड़ों का सोना लूटा, पुलिस महकमे में हड़कंप

एडीटर: Chetram Rajpoot April 18, 2026

—Advertisement—

Contact on WhatsApp

– दिनदहाड़े बैंक डकैती से दहला सिंगरौली,हथियारबंद बदमाशों ने लूटा सोना और नकदी, ₹50 हजार का इनाम घोषित

मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के वैढ़न थाना क्षेत्र में स्थित Bank of Maharashtra की शाखा में हुई दिनदहाड़े सनसनीखेज डकैती ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। हथियारबंद पांच अज्ञात बदमाशों ने बैंक में घुसकर कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बनाते हुए लाखों की नकदी और करोड़ों के जेवरात लूट लिए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल को दोपहर करीब 12:50 बजे बदमाश बैंक परिसर में घुसे। उनके पास पिस्टल और धारदार हथियार थे। उन्होंने बैंक में मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों को धमकाकर एक जगह बैठा दिया और उनके मोबाइल फोन छीन लिए। इसके बाद स्ट्रॉन्ग रूम और कैश काउंटर से करीब ₹20.20 लाख नकद लूट लिए।

इतना ही नहीं, बदमाशों ने गोल्ड लोन के एवज में बैंक में जमा ग्राहकों के सोने के आभूषण भी लूट लिए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹5.50 करोड़ बताई जा रही है। लूट के दौरान बदमाशों ने बैंक कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की और भागते समय फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना वैढ़न में विभिन्न धाराओं—310(2), 311, 127(2), 296(बी), 115(2), 351(3), 190, 191(3) बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद मध्यप्रदेश पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी या पुख्ता सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए ₹50,000 के इनाम की घोषणा की है। साथ ही यह स्पष्ट किया गया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को इस घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या प्रशासन को सूचित करें। इस घटना ने एक बार फिर बैंक सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment