डिंडौरी न्यूज। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने शनिवार को विकासखंड अमरपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत रामगढ़, ग्राम पंचायत अमरपुर सहित अन्य ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत रामगढ़ में रानी अवंतीबाई किला एवं पार्क से संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर ग्रामीणों द्वारा लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इन्हें गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर प्रशासनिक अमले के साथ रामगढ़ पहुंचीं और रामगढ़ किला पार्क परिसर में ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाई। चौपाल में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, बाउंड्री वॉल, गेट मरम्मत, पौधों के संरक्षण, मंदिर एवं परिसर की पुताई सहित अन्य विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

ग्रामीणों द्वारा पार्क के संचालन हेतु हैंडओवर की मांग रखी गई। इस पर कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि पार्क शासकीय संपत्ति है, अतः इसे किसी व्यक्तिगत अथवा समूह को सौंपना कानूनन उचित नहीं है। पार्क की समस्त देखरेख एवं संचालन ग्राम पंचायत द्वारा ही किया जाएगा ताकि व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित बनी रहें।
ग्रामीणों ने पार्क के गेट, दीवार एवं बाउंड्री टूटने, पानी की पाइपलाइन व नल क्षतिग्रस्त होने की जानकारी दी। इस पर कलेक्टर ने ग्राम पंचायत सचिव श्री सुनील ठाकुर एवं सरपंच श्रीमती वंदना ठाकुर को 15वें वित्त आयोग मद से आवश्यक मरम्मत कार्य कराते हुए पार्क का सौंदर्यीकरण करने के निर्देश दिए। चौकीदार की व्यवस्था न होने पर श्रीमती शील मेंहदेले द्वारा चौकीदार की मासिक मजदूरी स्वयं वहन करने की बात कही गई, जिससे पार्क की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत रामगढ़ में प्रस्तावित नवीन सामुदायिक भवन की भूमि का समतलीकरण पार्क परिसर के समीप किए जाने पर कलेक्टर ने आपत्ति व्यक्त की और निर्देश दिए कि पार्क की सुंदरता प्रभावित न हो, इसके लिए भवन का निर्माण किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर किया जाए। एसडीओ आरईएस, इंजीनियर एवं सरपंच को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।
इसके पश्चात कलेक्टर ने ग्राम पंचायत अमरपुर में नवीन सामुदायिक भवन के प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सचिव एवं इंजीनियर को निर्देशित किया कि सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि वर्षा ऋतु से पूर्व भवन तैयार हो सके।
चौपाल एवं निरीक्षण के दौरान सरपंच श्रीमती वंदना ठाकुर, सचिव श्री सुशील ठाकुर, श्री महेंद्र ठाकुर, श्री गजराज सिंह मेंहदेले, श्रीमती अंजलि वर्मन, तहसीलदार श्री शशांक शेंडे, एसडीएम सुश्री भारती मेरावी, यंत्री, सहायक यंत्री सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।








