– राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि,‘बेस्ट केवीके साइंटिस्ट अवॉर्ड’ से हुईं सम्मानित
डिंडौरी न्यूज । जवाहरलाल नेहरू कृषि विज्ञान केंद्र, डिंडोरी में कृषि विस्तार वैज्ञानिक के पद पर पदस्थ डॉ. गीता सिंह को उनके उत्कृष्ट वैज्ञानिक योगदान के लिए इंडियन सोसाइटी ऑफ एक्सटेंशन एजुकेशन, नई दिल्ली द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार–2026 में ‘बेस्ट केवीके साइंटिस्ट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें कृषि विस्तार, शोध एवं किसानों के हित में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि इंडियन सोसाइटी ऑफ एक्सटेंशन एजुकेशन, नई दिल्ली द्वारा मीरामार, गोवा में 29 से 31 जनवरी 2026 तक तीन दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया गया था। सेमिनार का विषय “डिजिटल टेक्नोलॉजीज फॉर सस्टेनेबल फूड सिस्टम एंड आत्मनिर्भर भारत” रहा। इस सेमिनार में देश के 23 राज्यों से 150 से अधिक कृषि वैज्ञानिकों एवं शोधार्थियों ने सहभागिता की तथा कृषि क्षेत्र में किए गए नवाचारों, शोध कार्यों और अनुभवों का प्रस्तुतीकरण किया गया।
सेमिनार के दौरान विभिन्न राज्यों से उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषि वैज्ञानिकों को सम्मानित किया गया, जिसमें कृषि विज्ञान केंद्र डिंडोरी की कृषि विस्तार वैज्ञानिक डॉ. गीता सिंह को उत्कृष्ट वैज्ञानिक पुरस्कार से नवाजा गया। यह पुरस्कार उन्हें सोसाइटी की पुरस्कार समिति द्वारा गहन, उद्देश्यपरक मूल्यांकन एवं स्कोरिंग प्रक्रिया के पश्चात सुनिश्चित किया गया।
डॉ. गीता सिंह द्वारा किसानों के बीच मजबूत सूचना तंत्र की स्थापना, उन्नत कृषि तकनीकों का प्रभावी प्रसार, प्राकृतिक खेती के विस्तार, तथा किसान हितैषी योजनाओं के प्रति जागरूकता हेतु निरंतर गतिविधियों का संचालन किया गया है। उनके प्रयासों से जिले के कृषकों को वैज्ञानिक जानकारी एवं नवीन तकनीकों का सीधा लाभ मिला है।
शोध एवं प्रकाशन के क्षेत्र में भी डॉ. गीता सिंह का योगदान अत्यंत उल्लेखनीय रहा है। उनके द्वारा एनएएस रेटेड रिसर्च जर्नल में 11, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में 18 शोध पत्र, 4 प्रोसीडिंग पेपर, 45 रिसर्च सारांश, 300 से अधिक कृषि आलेख, 12 तकनीकी बुलेटिन, 10 प्रशिक्षण बुकलेट, 2 कृषि पुस्तकें तथा 8 बुक चैप्टर प्रकाशित किए जा चुके हैं। इसके साथ ही डिंडौरी से प्रकाशित त्रैमासिक कृषि पत्रिका के सफल 18 वर्षों में 74 अंकों का प्रकाशन भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज है।
डॉ. गीता सिंह द्वारा विभिन्न मंचों पर 200 से अधिक व्याख्यान, साथ ही आकाशवाणी एवं दूरदर्शन पर कई वार्ताएं देकर कृषकों एवं आमजन को कृषि नवाचारों से जोड़ने का सराहनीय कार्य किया गया है।
यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के वरिष्ठ अधिकारियों एवं इंडियन सोसाइटी ऑफ एक्सटेंशन एजुकेशन के अध्यक्ष डॉ. यू.एस. गौतम के कर-कमलों द्वारा प्रदान किया गया।
इस उपलब्धि पर कृषि विज्ञान केंद्र डिंडौरी सहित जिले के कृषि वैज्ञानिकों, अधिकारियों एवं कृषकों में हर्ष का माहौल है।









