—Advertisement—

MP News: BJP युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष राकेश परस्ते पर भोपाल में हमला, 60 कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot February 22, 2026

—Advertisement—

भोपाल। भोपाल स्थित मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय, शिवाजी नगर में शनिवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प का मामला सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष डिंडौरी राकेश परस्ते की शिकायत पर थाना हबीबगंज थाना में 50–60 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।

शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान बढ़ा विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी राकेश परस्ते (32) निवासी विक्रमपुर, जिला डिंडौरी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 21 फरवरी 2026 को करीब 4:15 बजे वे भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यालय के पास शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। रेडक्रॉस अस्पताल के पास पुलिस बैरिकेडिंग पर नारेबाजी के दौरान विवाद की स्थिति निर्मित हो गई।

शिकायत में आरोप है कि पहले से मौजूद युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अमित खत्री एवं उनके साथियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की कोशिश की। फरियादी ने स्वयं को अनुसूचित जाति का बताते हुए राजनीतिक द्वेषवश अपमानित करने का आरोप लगाया है।

– लोहे की रॉड, पत्थर और डंडों से हमला

दर्ज शिकायत के अनुसार, विवाद बढ़ने पर अमित खत्री, अभिनव बारोलिया, मुजाहिद सिद्दीकी, गोपील कोटवाल, अमित शर्मा, अभिषेक शर्मा, दीपु तोमर, अभय, प्रदीप अहिरवार सहित अन्य 50–60 कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोहे की रॉड, पत्थर, डंडों और टाइल्स के टुकड़ों से हमला कर दिया। हमले में राकेश परस्ते के पैर में लोहे की रॉड से वार किया गया, जिससे वे बेहोश होकर गिर पड़े। उनके साथी मोहित अहिरवार को नाक में गंभीर चोट आई, जबकि योगेश शिवहरे, भास्कर शुक्ला, शान्तनु गुरु, विशेष मंडलोई, स्वप्निल वानखेडे, गौतम चौहान सहित अन्य कार्यकर्ता भी घायल हुए। घायलों को तत्काल नर्मदा अस्पताल, भोपाल में भर्ती कराया गया। फरियादी ने बताया कि मौके पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने घटना के वीडियो बनाए हैं, जिनमें हमलावर स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हमले में शामिल कुछ लोग आपराधिक प्रवृत्ति के थे और उन्हें पहचानने की बात कही है।

– विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

थाना हबीबगंज पुलिस ने अपराध क्रमांक 26/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराएं 191(2), 191(3), 190, 296(बी), 115(2), 118(2), 351(3) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विवेचना की जा रही है, वीडियो फुटेज एवं चिकित्सीय रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment