—Advertisement—

12–24 वर्ष की सेवा के बाद भी नहीं मिली क्रमोन्नति, शासकीय शिक्षक संगठन ने कलेक्टर के सामने खोली व्यवस्था की पोल

एडीटर: Chetram Rajpoot December 27, 2025

—Advertisement—

Slide 1
Slide 2
Slide 3

डिंडौरी। लोक कल्याण शिविर करंजिया के दौरान शासकीय शिक्षक संगठन ने जिले के कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया से भेंट कर शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। इस अवसर पर शासकीय शिक्षक संगठन के जिला अध्यक्ष श्री रामकुमार गर्ग के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों की व्यथा रखते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।

जिला अध्यक्ष श्री गर्ग ने बताया कि करंजिया विकासखंड सहित पूरे जिले में ऐसे शिक्षक, जिन्होंने 12 एवं 24 वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण कर ली है, उन्हें आज दिनांक तक प्रथम एवं द्वितीय क्रमोन्नति का लाभ नहीं दिया गया है। इसके साथ ही शिक्षकों के लंबित एरियर का भुगतान भी लंबे समय से नहीं किया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

WhatsApp

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विकासखंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा शिक्षकों की समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बीईओ की मनमानी के चलते शिक्षकों की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। इसके अलावा जिले में अनुकम्पा नियुक्ति, निलंबित शिक्षकों की बहाली जैसे महत्वपूर्ण मामलों का निराकरण भी लंबे समय से लंबित है।

शिक्षक संगठन ने यह मुद्दा भी उठाया कि मध्याह्न भोजन योजना की राशि पिछले चार माह से प्राप्त नहीं हो रही है, जिससे योजना के संचालन में कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं। वहीं दूसरी ओर शिक्षकों के संलग्नीकरण की प्रक्रिया जारी रहने से विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने शिक्षक संगठन की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए शिक्षकों की सभी समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और शिक्षकों की जायज समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

WhatsApp

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment