– 87 शिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण, समावेशी शिक्षा को प्रभावी बनाने पर जोर
डिंडौरी न्यूज । कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षा विभाग के निर्धारित संकेतकों को संतृप्त करने के उद्देश्य से उत्कृष्ट विद्यालय करंजिया में एक दिवसीय CWSN (Children with Special Needs) शिक्षकीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विकासखंड के 87 शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को समझते हुए विद्यालयों में समावेशी शिक्षा को प्रभावी बनाना रहा।
प्रशिक्षण का आयोजन मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत डिण्डौरी श्री दिव्यांशु चौधरी एवं सहायक आयुक्त श्री राजेंद्र जाटव के पत्राचार के परिपालन में तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत करंजिया श्री राजीव कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यशाला में शिक्षकों को CWSN बच्चों की पहचान, उनकी शैक्षणिक एवं व्यवहारिक आवश्यकताओं तथा कक्षा में उनके लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की जानकारी दी गई। साथ ही समावेशी शिक्षण पद्धतियों, शिक्षण-अधिगम सामग्री के उपयोग एवं विद्यार्थियों की प्रगति के आकलन से संबंधित व्यावहारिक पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला में सैद्धांतिक जानकारी के साथ गतिविधि एवं अनुभव आधारित प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया गया। उदाहरणों एवं व्यावहारिक अभ्यासों के माध्यम से शिक्षकों को CWSN विद्यार्थियों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने तथा उनकी व्यक्तिगत क्षमताओं और आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षण प्रक्रिया अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यशाला में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री अजय राय, मास्टर ट्रेनर श्री दुर्गेश सिंह श्याम तथा सामाजिक न्याय विभाग से श्री कमलेश धुर्वे एवं श्री हरीश विश्वकर्मा उपस्थित रहे। प्रशिक्षण से विद्यालयों में विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराने और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में समावेशी शिक्षा को और मजबूती मिलेगी।
