—Advertisement—

नर्मदा–विंध्य रेल कॉरिडोर के FLS को जल्द मंजूरी की मांग, विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने रेल मंत्री को लिखा पत्र

एडीटर: Chetram Rajpoot September 22, 2026

—Advertisement—

– पेंड्रा रोड–अमरकंटक–डिंडौरी–मंडला–घंसौर–लखनादौन–गोटेगांव/श्रीधाम रेल लाइन परियोजना को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री से शीघ्र आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह

डिंडौरी न्यूज । मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के आदिवासी बहुल क्षेत्रों को रेल कनेक्टिविटी से जोड़ने की प्रस्तावित नर्मदा–विंध्य रेल कॉरिडोर परियोजना को गति देने की मांग को लेकर डिंडौरी विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमकार सिंह मरकाम ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। विधायक ने पत्र के माध्यम से पेंड्रा रोड–अमरकंटक–डिंडौरी–मंडला–घंसौर–लखनादौन–गोटेगांव/श्रीधाम रेल लाइन परियोजना के लिए Final Location Survey (FLS) की शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।

विधायक मरकाम ने अपने पत्र में कहा है कि यह प्रस्तावित रेल लाइन मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के आदिवासी बहुल क्षेत्रों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है। उन्होंने बताया कि इस रेल कॉरिडोर को क्षेत्र में नर्मदा–विंध्य रेल कॉरिडोर के रूप में भी देखा जा रहा है, जो लंबे समय से क्षेत्र की जनआकांक्षाओं से जुड़ा विषय है।

– आदिवासी अंचल के विकास से जुड़ी परियोजना

पत्र में विधायक ने उल्लेख किया कि अमरकंटक, डिंडौरी, मंडला, घंसौर, लखनादौन और गोटेगांव जैसे आदिवासी एवं वनांचल क्षेत्रों के सामाजिक, शैक्षणिक, स्वास्थ्य, पर्यटन तथा आर्थिक विकास के लिए यह रेल कॉरिडोर महत्वपूर्ण हो सकता है। प्रस्तावित रेल मार्ग मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच संपर्क को मजबूत करने के साथ ही नर्मदा एवं विंध्य क्षेत्र के धार्मिक और पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से बेहतर तरीके से जोड़ने में सहायक हो सकता है।

विधायक के अनुसार, रेल कनेक्टिविटी बढ़ने से इन क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार और पर्यटन के क्षेत्र में नए अवसर विकसित होने की संभावनाएं बढ़ेंगी।

– FLS की स्वीकृति के लिए रेलवे के पत्र का भी उल्लेख

विधायक मरकाम ने अपने पत्र में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर द्वारा जारी पत्र का भी उल्लेख किया है। पत्र के अनुसार, सीईओ/सी/बीएसपी/सीपीजीआईआरएमयूएस/26-27 दिनांक 09 जुलाई 2026 के माध्यम से प्रस्ताव को उपयोगी एवं महत्वपूर्ण मानते हुए आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित परिचालन विभाग को अवगत कराए जाने की जानकारी दी गई है।

इसी संदर्भ में विधायक ने केंद्रीय रेल मंत्री से आग्रह किया है कि प्रस्तावित नर्मदा–विंध्य रेल कॉरिडोर के Final Location Survey (FLS) को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि परियोजना की दिशा में ठोस प्रगति सुनिश्चित हो सके।

लंबे समय से रेल कनेक्टिविटी की मांग

विधायक ने पत्र में कहा है कि क्षेत्र के लाखों नागरिकों की वर्षों पुरानी रेल संपर्क की आकांक्षा को नई दिशा देने के लिए इस परियोजना को आगे बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री से सकारात्मक हस्तक्षेप की अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि इससे आदिवासी अंचल के लोगों को बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ सकेगा।

विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने कहा कि डिंडौरी और आसपास के आदिवासी अंचल को बेहतर रेल कनेक्टिविटी से जोड़ना क्षेत्र के विकास से सीधे जुड़ा विषय है, इसलिए वे इस मांग को लेकर निरंतर प्रयासरत हैं।

 

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment