—Advertisement—

स्कूल से गायब, ऐप पर हाजिर! दो अतिथि शिक्षक ब्लैकलिस्ट, पूरे सत्र अध्यापन पर रोक

एडीटर: Chetram Rajpoot November 3, 2026

—Advertisement—

Slide 1
Slide 2
Slide 3

भोपाल न्यूज । मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में शिक्षक ऐप पर कथित रूप से फर्जी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने दो अतिथि शिक्षकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की है। शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय बहमनी, संकुल केंद्र बरका में पदस्थ अतिथि शिक्षक राकेश कुमार यादव (गणित) और उनके सहयोगी अतिथि शिक्षक जितेंद्र सिंह (अंग्रेजी) को शैक्षणिक सत्र 2026-27 में अतिथि शिक्षकीय कार्य से पृथक करते हुए ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार, दोनों शिक्षक इस अवधि में किसी भी शासकीय अथवा अशासकीय संस्था में अध्यापन कार्य नहीं कर सकेंगे।

– विद्यालय से अनुपस्थित रहने के दौरान ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने का आरोप

WhatsApp

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, सिंगरौली को शिकायत प्राप्त हुई थी कि शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय बहमनी में अतिथि शिक्षक वर्ग-2 (गणित) के पद पर कार्यरत राकेश कुमार यादव विद्यालय में उपस्थित नहीं होते थे, इसके बावजूद शिक्षक ऐप के माध्यम से उनकी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज की जा रही थी। शिकायत में उपस्थिति दर्ज करने के तरीके को फर्जी, कूटरचित और मनमाना बताया गया था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने 24 अक्टूबर 2026 को वीडियो कॉलिंग के माध्यम से विद्यालय तथा अतिथि शिक्षक की उपस्थिति पंजी का निरीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि राकेश कुमार यादव ने 22 अक्टूबर से 24 अक्टूबर 2026 तक उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर नहीं किए थे और संबंधित अवधि में विद्यालय से अनुपस्थित रहे थे। वहीं, एजुकेशन पोर्टल के अवलोकन में उक्त तिथियों पर शिक्षक ऐप के माध्यम से उनकी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज होना सामने आया।

Advertisement

– कारण बताओ नोटिस जारी कर मांगा गया जवाब

WhatsApp

मामले में कार्यालय द्वारा कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर तीन दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। राकेश कुमार यादव ने 27 अक्टूबर 2026 को अपना प्रतिउत्तर कार्यालय में प्रस्तुत किया। आदेश में उल्लेख है कि अपने जवाब में उन्होंने स्वीकार किया कि वे संबंधित अवधि में विद्यालय में भौतिक रूप से उपस्थित नहीं थे, जबकि शिक्षक ऐप पर 22 से 24 अक्टूबर तक उनकी उपस्थिति दर्ज की गई थी।

जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश के अनुसार, प्रस्तुत जवाब और उपलब्ध तथ्यों के परीक्षण के बाद ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने की प्रक्रिया को अनुचित मानते हुए इसे शिक्षकीय गरिमा के विपरीत और दंडनीय कृत्य माना गया।

– सहयोगी अतिथि शिक्षक की भूमिका भी आई सामने

जारी आदेश और प्रेस विज्ञप्ति में उल्लेख किया गया है कि विद्यालय में कार्यरत अतिथि शिक्षक जितेंद्र सिंह (अंग्रेजी) के सहयोग से राकेश कुमार यादव की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज किए जाने का मामला सामने आया। आरोप है कि विद्यालय में राकेश कुमार यादव की भौतिक उपस्थिति नहीं होने के बावजूद जितेंद्र सिंह ने मोबाइल में वीडियो रिकॉर्ड कर शिक्षक ऐप पर उनकी उपस्थिति दर्ज कराने में मदद की।

जितेंद्र सिंह ने भी अपने जवाब में स्वीकार किया कि राकेश कुमार यादव विद्यालय में भौतिक रूप से उपस्थित नहीं थे और उनके सहयोग से संबंधित अवधि में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज की गई थी। विभाग ने इस कृत्य को शिक्षकीय गरिमा के विपरीत मानते हुए उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की।

– दोनों को अतिथि शिक्षकीय कार्य से किया पृथक

जिला शिक्षा अधिकारी, सिंगरौली द्वारा 2 नवंबर 2026 को जारी अलग-अलग आदेशों में राकेश कुमार यादव और जितेंद्र सिंह को शैक्षणिक सत्र 2026-27 में अतिथि शिक्षकीय कार्य से पृथक करते हुए ब्लैकलिस्ट किया गया है। आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि दोनों संबंधित अवधि में किसी भी शासकीय अथवा अशासकीय संस्था में अध्यापन कार्य नहीं कर सकेंगे। आदेश तत्काल प्रभावशील किए गए हैं।

विभागीय कार्रवाई को शिक्षक ऐप पर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के विरुद्ध सख्त कदम के रूप में देखा जा रहा है। इस मामले में विभाग ने विद्यालय में वास्तविक उपस्थिति और ऑनलाइन दर्ज उपस्थिति के बीच अंतर को कार्रवाई का प्रमुख आधार बनाया है।

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment