– शोषणमुक्त, न्याययुक्त और समतामूलक समाज की स्थापना के लिए एकजुट होकर अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने का वक्ताओं ने किया आह्वान, शिक्षा को बताया सामाजिक बदलाव का सबसे सशक्त माध्यम
डिंडौरी न्यूज । जिले के अंतिम छोर पर स्थित कमको मोहनिया में देश के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं जनजातीय समाज के गौरव धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सहभागिता करते हुए बिरसा मुंडा को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में उनके विचारों, संघर्षों और समाज परिवर्तन के लिए दिए गए योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालयीन बच्चों द्वारा की गई। इसके बाद उपस्थित लोगों ने धरती आबा बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। विद्यार्थियों एवं अन्य वक्ताओं ने बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और विचारों को साझा करते हुए उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बिरसा मुंडा का संघर्ष केवल अंग्रेजी हुकूमत के अत्याचारों के विरुद्ध स्वतंत्रता की लड़ाई तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने पूंजीवादी शोषण, धार्मिक शोषण और गैर-न्यायसंगत सामाजिक परंपराओं के खिलाफ भी ऐतिहासिक उलगुलान किया था। उनका संघर्ष अन्याय, शोषण और असमानता से मुक्त समाज की स्थापना के उद्देश्य से जुड़ा था।
वक्ताओं ने कहा कि जब भी हम धरती आबा बिरसा मुंडा को याद करते हैं, तो उनके संघर्षों और विचारों पर भी गंभीरता से चिंतन करना चाहिए। हमें यह सवाल स्वयं से करना होगा कि जिन अन्यायपूर्ण व्यवस्थाओं, शोषण और गैर-न्यायसंगत परंपराओं के खिलाफ बिरसा मुंडा ने संघर्ष किया था, क्या आज भी समाज में उनके कुछ स्वरूप मौजूद हैं? यदि आज भी किसी रूप में अन्याय और शोषण कायम है, तो उसके खिलाफ बिरसा मुंडा के विचारों और संघर्षों को आगे बढ़ाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा के संकल्पों को वास्तविक अर्थों में आगे बढ़ाने का मतलब ऐसे समाज का निर्माण करना है, जहां किसी के साथ अन्याय और अत्याचार न हो, शोषण के लिए कोई स्थान न रहे और सभी को समान अधिकार एवं सम्मान मिले। शोषणमुक्त, न्याययुक्त और समतामूलक समाज की स्थापना ही धरती आबा के संघर्षों और विचारों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
– विपरीत परिस्थितियों में भी शिक्षा नहीं छोड़ने का लिया संकल्प
कार्यक्रम में वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सामाजिक बदलाव और अधिकारों के प्रति जागरूकता के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। परिस्थितियां कितनी भी कठिन और विपरीत क्यों न हों, लेकिन किसी भी स्थिति में पढ़ाई नहीं छोड़नी चाहिए। शिक्षा के माध्यम से ही समाज में जागरूकता, समानता और अधिकारों की समझ विकसित की जा सकती है। इस दौरान उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं शिक्षा के प्रति जागरूक रहेंगे और बच्चों को भी हर परिस्थिति में पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षक जगत सिंह मरावी, टोकसिंह मरावी, उमावती मरावी, सेवाराम मरावी, अनूप मरावी, विष्णु मलगाम, मनोज मरावी, जोधा मरावी, सोहन पट्टा, अवधेश तेकाम, जालंधर नेताम, डॉ. दिग्विजय मरावी, डॉ. दानवीर मरावी, प्रीति, अंजोसनी, अमित धुर्वे, कविता, द्रोपती, रीता, रामेश्वरी, रामकली, नीरज आयाम, अविदाता मार्को, संजय मरकाम और अजय आर्मो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं सामाजिक जन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन उपस्थित सभी लोगों द्वारा बिरसा मुंडा के मूल्यों, विचारों और संघर्षों को आगे बढ़ाने तथा अन्याय और शोषण के विरुद्ध एकजुट रहने के सामूहिक संकल्प के साथ किया गया। इस दौरान धरती आबा बिरसा मुंडा अमर रहें के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।



