– बच्चों को शिक्षित, जागरूक और स्वच्छ वातावरण के प्रति जिम्मेदार बनाने का दिया संदेश
डिंडौरी न्यूज ।बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को नगर परिषद के नेता प्रतिपक्ष एवं पार्षद ज्योतिरादित्य भलावी ने अपने साथियों के साथ वार्ड क्रमांक 02 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर नन्हे-मुन्ने बच्चों के बीच बाल दिवस मनाया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की तथा चॉकलेट, बिस्किट, केक और मिठाइयां बांटकर उनके साथ खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम के दौरान पार्षद ज्योतिरादित्य भलावी ने बच्चों को बाल दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों को संकल्प दिलाया कि वे जीवन में चाहे कितनी भी कठिन परिस्थितियां आएं, शिक्षा प्राप्त करने का प्रयास जारी रखेंगे और शिक्षित बनकर अपने जिले, प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर बच्चों ने भी शिक्षा हासिल करने, अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा समाज में शिक्षा और जागरूकता का संदेश फैलाने का संकल्प लिया। पार्षद भलावी ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें बेहतर शिक्षा, संस्कार एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बाल दिवस के इस आयोजन में बच्चों के चेहरों पर उत्साह और खुशी देखने को मिली। पार्षद ज्योतिरादित्य भलावी ने बच्चों के साथ समय बिताकर उन्हें प्रोत्साहित किया और बाल दिवस को यादगार बनाने का प्रयास किया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सहायिका, आंगनबाड़ी दीदी, पार्षद के साथी एवं बच्चों के परिजन उपस्थित रहे।



