—Advertisement—

निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण शुरू: डिंडौरी में पुरुषों से अधिक महिला मतदाता, कुल संख्या 5.27 लाख के पार

एडीटर: Chetram Rajpoot November 12, 2026

—Advertisement—

Slide 1
Slide 2
Slide 3

– 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए लिए जाएंगे दावे-आपत्तियां,

– 21-22 नवंबर और 5-6 दिसंबर को सभी 701 मतदान केंद्रों पर लगेंगे विशेष शिविर

WhatsApp

डिंडौरी न्यूज।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में निर्वाचक नामावली के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का 12 नवंबर 2026 से प्रारंभ हो गया है। अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर संचालित इस पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, अपात्र अथवा मृत मतदाताओं के नाम हटाने तथा नाम, पता और अन्य विवरणों में आवश्यक संशोधन कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 4 जनवरी 2027 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर जेपी यादव की अध्यक्षता में अपर कलेक्टर कार्यालय में जिला स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम, दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया और विशेष शिविरों के आयोजन की विस्तृत जानकारी दी गई।

Advertisement

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर 2026 को निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन किया गया है। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम हटाने और विभिन्न प्रविष्टियों में संशोधन के लिए दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके पश्चात 4 जनवरी 2027 को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित होगी।

– जिले की दोनों विधानसभा क्षेत्रों में 5,27,214 मतदाता

WhatsApp

12 नवंबर 2026 की स्थिति में डिंडौरी जिले की दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 5 लाख 27 हजार 214 मतदाता दर्ज हैं। इनमें विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 103-शहपुरा में 2 लाख 75 हजार 442 तथा विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 104-डिंडौरी में 2 लाख 51 हजार 772 मतदाता शामिल हैं।

लिंगवार आंकड़ों पर नजर डालें तो जिले में 2 लाख 62 हजार 642 पुरुष, 2 लाख 64 हजार 563 महिला और 9 थर्ड जेंडर मतदाता दर्ज हैं। इस प्रकार जिले का कुल मतदाता लिंगानुपात 1007 है। आंकड़ों के अनुसार जिले में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से अधिक है।

– 701 मतदान केंद्रों पर बीएलओ की नियुक्ति के निर्देश

पुनरीक्षण कार्यक्रम को व्यवस्थित और सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जिले के सभी 701 मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 21 एवं 22 नवंबर तथा 5 एवं 6 दिसंबर 2026 को जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।

इन विशेष शिविरों में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने, नाम हटाने तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरणों में आवश्यक संशोधन कराने की सुविधा मिलेगी। इसके माध्यम से नए पात्र मतदाताओं को मताधिकार की प्रक्रिया से जोड़ने और निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित बनाने का प्रयास किया जाएगा।

– राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने लिया बैठक में हिस्सा 

जिला स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से डिंडौरी विधायक ओमकार सिंह मरकाम तथा भारतीय जनता पार्टी की ओर से सुधीर दत्त तिवारी उपस्थित रहे। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारणी और निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं से अवगत कराया गया।

जिला प्रशासन ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे प्रारूप निर्वाचक नामावली में अपना तथा अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज नहीं है अथवा नाम, पता या अन्य विवरणों में कोई त्रुटि है, तो निर्धारित समयावधि में संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर आवश्यक संशोधन कराएं। प्रशासन ने विशेष रूप से युवाओं और नए पात्र मतदाताओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment