—Advertisement—

संभाग स्तरीय कबड्डी में छिंदवाड़ा के बालक-मंडला की बालिकाएं बनीं विजेता, डिंडौरी के पांच खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

एडीटर: Chetram Rajpoot October 4, 2026

—Advertisement—

– डिंडौरी के पांच खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन, सैलाना और नर्मदापुरम में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व

डिंडौरी। शालेय खेल कैलेंडर 2026-27 के अंतर्गत उत्कृष्ट विद्यालय खेल मैदान समनापुर में आयोजित संभाग स्तरीय 17 वर्ष बालक-बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता में मंडला, डिंडौरी, बालाघाट, सिवनी और छिंदवाड़ा जिले की टीमों ने हिस्सा लिया। रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, उत्साह और खेल भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के बालक वर्ग में छिंदवाड़ा जिला विजेता, जबकि बालिका वर्ग में मंडला जिला विजेता रहा।

प्रतियोगिता का आयोजन 2 एवं 3 अक्टूबर को कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन तथा सहायक आयुक्त श्री राजेंद्र कुमार जाटव के मार्गदर्शन में किया गया। दो दिनों तक चले मुकाबलों में विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता के दौरान मैदान पर खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और खेलप्रेमियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

– डिंडौरी के पांच खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर डिंडौरी जिले के पांच छात्र-छात्राओं का चयन विभागीय राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए किया गया है। चयनित खिलाड़ी 5 एवं 6 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। बालक वर्ग की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता सैलाना (रतलाम) तथा बालिका वर्ग की प्रतियोगिता नर्मदापुरम में आयोजित होगी।

राज्य स्तर के लिए चयनित खिलाड़ियों को उनके दल के साथ प्रतियोगिता में सहभागिता के लिए रवाना किया गया। जिले के खिलाड़ियों के चयन से खेल जगत में उत्साह का माहौल है और खेलप्रेमियों ने चयनित खिलाड़ियों से राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।

– आयोजन में जनप्रतिनिधि और खेल विभाग के अधिकारी रहे मौजूद

प्रतियोगिता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष श्री चमरू नेताम, श्री हेम सिंह राजपूत, श्री जय सिंह, श्री भारत सिंह, बीईओ श्री जैमल कुशरे, प्राचार्य श्री अजय मरकाम सहित गणमान्य नागरिक, शिक्षक एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों में निरंतर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में धर्मेंद्र मार्को, कविता छिरसागर, गजेंद्र वर्मे, रोहित चंदरोल, दीपा मरकाम, नीरज पड़वार, संजय सिंह, योगिता गुरनुने, सुनील मरकाम, ज्ञानी सैयाम सहित जिले के खेल शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

विभिन्न जिलों से पहुंचे दल प्रबंधकों में मंडला से जी.एस. ठाकुर, बालाघाट से राजेश बनोते, छिंदवाड़ा से मनोहर, सिवनी से प्रदीप हनवत तथा डिंडौरी से धर्मेंद्र मार्को शामिल रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन और खिलाड़ियों के अनुशासित प्रदर्शन के साथ संभाग स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का समापन हुआ।

 

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment