– डिंडौरी, मंडला, बालाघाट और सिवनी के करीब 250 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा; 24 से 25 अक्टूबर तक धार जिले के कुक्षी में होगी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता
डिंडौरी न्यूज। शालेय खेल कैलेंडर वर्ष 2026-27 के तहत आयोजित क्षेत्र स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का सांदीपनि विद्यालय खुड़िया, समनापुर में सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रतियोगिता में डिंडौरी, मंडला, बालाघाट और सिवनी जिले के लगभग 250 खिलाड़ियों ने सहभागिता करते हुए अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन, उत्साह और टीम भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान डिंडौरी जिले के 24 खिलाड़ियों का चयन विभागीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। चयनित खिलाड़ी 24 से 25 अक्टूबर 2026 तक धार जिले के कुक्षी में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन एवं सहायक आयुक्त राजेन्द्र कुमार जाटव के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में 17 वर्ष एवं 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ियों ने भाग लिया। विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ अन्य जिलों के खिलाड़ियों से प्रतिस्पर्धा और अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान किया।
– समापन समारोह में अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
प्रतियोगिता के समापन समारोह में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा जिला उपाध्यक्ष जय सिंह राजपूत, अशोक संत, बीईओ श्री कुशरे, प्राचार्य श्री बघेल तथा जिला क्रीड़ा प्रभारी पुरुषोत्तम सिंह राजपूत शामिल रहे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से न केवल शारीरिक क्षमता और फिटनेस का विकास होता है, बल्कि अनुशासन, सहयोग, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष करने की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने और जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
– आयोजन में विद्यालय परिवार और सहयोगियों की अहम भूमिका
प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में श्री धर्मेंद्र मार्को, श्री गजेंद्र वर्मे, श्री रोहित चंद्रोल, श्री दिलीप सोनवानी, श्री मिथलेश नारते, श्री एल.एस. परस्ते, श्रीमती सुनीता धुर्वे, श्रीमती सरिता कुलेश और श्रीमती दीपा मरकाम सहित अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आयोजन स्थल सांदीपनि विद्यालय खुड़िया के प्राचार्य श्री अमर सिंह ठाकुर एवं समस्त विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों, अतिथियों और आयोजन से जुड़े सहयोगियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने में विशेष भूमिका निभाई। पूरी प्रतियोगिता शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुई।
कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षक श्री दीपभान राठौर ने किया, जबकि श्री ए.एस. उददे ने आभार प्रदर्शन किया।
क्षेत्र स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का सफल आयोजन जिले में स्कूली खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और उभरती खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा। अब डिंडौरी के चयनित 24 खिलाड़ियों से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
