– कलेक्ट्रेट तिराहे से अवंती बाई चौक तक दोपहिया, तीनपहिया और चारपहिया वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध; श्रद्धालुओं के लिए दो स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था
डिंडौरी न्यूज।दशहरा पर्व पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए डिंडौरी यातायात पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। 20 अक्टूबर 2026 को दशहरा पर्व के दौरान शाम 6 बजे से कलेक्टरेट तिराहे से अवंती बाई चौक तक दोपहिया, तीनपहिया और चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान शहर के भीतर केवल पैदल यात्रियों को प्रवेश की अनुमति होगी। पुलिस ने दशहरा दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए दो स्थान निर्धारित किए हैं और आम नागरिकों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
– दो स्थानों पर होगी पार्किंग की व्यवस्था
डिंडौरी पुलिस द्वारा जारी यातायात एडवाइजरी के अनुसार, दशहरा दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग कलेक्टरेट परिसर के खेल मैदान और जबलपुर बस स्टैंड (अवंती बाई चौक) में कराई जाएगी।
कलेक्टरेट परिसर खेल मैदान पार्किंग:पुरानी डिंडौरी की ओर से आने वाले श्रद्धालु अपने दोपहिया, तीनपहिया और चारपहिया वाहन कलेक्टरेट परिसर के खेल मैदान में खड़े करेंगे। इसके बाद पैदल शहर में प्रवेश कर सकेंगे।
– जबलपुर बस स्टैंड पार्किंग:जबलपुर रोड और मुड़की रोड की ओर से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन जबलपुर बस स्टैंड में पार्क करेंगे। यहां से उन्हें पैदल शहर में प्रवेश करना होगा।

– इन मार्गों से होगा वाहनों का डायवर्जन
यातायात पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं ।
साकेत नगर, हंसनगर, देदरा और मुड़की की ओर से आने वाले वाहन: पुरानी डिंडौरी की ओर आने-जाने के लिए नर्मदा पुल, डेम घाट, शांतिनगर और कोर्ट तिराहा होते हुए पुरानी डिंडौरी मार्ग का उपयोग करेंगे। मुख्य मार्ग पर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
सुभाष वार्ड, ईमलीकुटी और शंकर घाट की ओर से आने वाले वाहन: पुरानी डिंडौरी की ओर जाने के लिए शंकर घाट, डेमघाट, शांतिनगर और कोर्ट तिराहा होते हुए पुरानी डिंडौरी मार्ग का उपयोग करेंगे। मुख्य मार्ग पर प्रवेश नहीं मिलेगा।
सिविल लाइन और कस्तूरबा कन्या शाला की ओर से आने वाले वाहन: राजुषा और मंडला स्टैंड होते हुए पुरानी डिंडौरी मार्ग से आवागमन करेंगे। इस मार्ग से भी मुख्य मार्ग पर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
– तूफान और बस सहित भारी वाहनों पर भी रोक
पुलिस एडवाइजरी के मुताबिक, 20 अक्टूबर को शाम 6 बजे से कलेक्टरेट तिराहे से अवंती बाई चौक तक दोपहिया, तीनपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ ट्यूफान, बस तथा अन्य भारी वाहनों का प्रवेश भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह व्यवस्था दशहरा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।
– डिंडौरी पुलिस की आमजन से सहयोग की अपील
डिंडौरी यातायात पुलिस ने नागरिकों और दशहरा दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने, वैकल्पिक मार्गों का पालन करने तथा प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन नहीं ले जाने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात संबंधी यह एडवाइजरी जनहित में जारी की गई है, ताकि दशहरा पर्व के दौरान शहर में आवागमन व्यवस्थित रहे और श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना न करना पड़े।
