– तहसील प्रशासन की पहल, कुल 19 लाख रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत
डिंडौरी न्यूज। मध्यप्रदेश शासन के राजस्व विभाग के निर्देशों के पालन में डिंडौरी तहसील प्रशासन ने सेवा-मुक्त ग्रामीण कोटवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने की पहल की है। इसके तहत तहसील के 19 सेवा-मुक्त कोटवारों के लिए कुल 19 लाख रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की गई है। प्रत्येक पात्र हितग्राही को एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रामबाबू देवांगन के निर्देशन में तहसीलदार डिंडौरी शशांक शेण्डे ने 15 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया। शासन के 5 अक्टूबर 2023 के आदेश के परिपालन में स्वीकृत सहायता राशि संबंधित हितग्राहियों के बैंक खातों में ई-पेमेंट के माध्यम से अंतरित की जा रही है। इस पहल से लंबे समय तक ग्रामीण स्तर पर राजस्व प्रशासन के कार्यों में योगदान देने वाले सेवा-मुक्त कोटवारों को आर्थिक सहायता मिलेगी।
– इन 19 कोटवारों को मिलेगा लाभ
वित्तीय सहायता के लिए स्वीकृत हितग्राहियों में मिहीलाल, दिमाकु दास, अमीरकली, बोधन दास, जगतदास, इंद्रा बाई, चमरूदास, रमेश कुमार मार्को, अशोक दास, अमरदास, अनुराग दास, रामभगत मार्को, रामबाई, फुलमत बाई, अंगद दास, नथुलाल, धनीराम, समारू एवं केशु प्रसाद शामिल हैं।
– सेवा-मुक्त कोटवारों के योगदान का सम्मान
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि ग्रामीण कोटवार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे अपने सेवाकाल में ग्रामीण स्तर पर प्रशासनिक कार्यों के निर्वहन में अहम भूमिका निभाते हैं। सेवा-मुक्ति के बाद उन्हें वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की पहल उनके योगदान के प्रति सम्मान और प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाती है। जिला प्रशासन की इस पहल से लाभान्वित कोटवारों को आर्थिक संबल मिलेगा। साथ ही, सेवा-मुक्त कर्मचारियों के प्रति शासन की कल्याणकारी मंशा को भी मजबूती मिलेगी।
