– जिलेभर में भक्तिमय माहौल, देवी मंदिरों और शक्तिपीठों में हवन-पूजन, कई स्थानों पर हुआ कन्या पूजन
डिंडौरी। शारदीय नवरात्र पर्व जिलेभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। नवरात्र की अष्टमी तिथि पर देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर अठवाई का भोग लगाया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। सुबह से ही मंदिरों में दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा।
अष्टमी के अवसर पर डिंडौरी, समनापुर, बजाग, मेहंदवानी और शहपुरा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के देवी मंदिरों एवं शक्तिपीठों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। करौंदी, बरगांव, बिछिया और मानिकपुर सहित विभिन्न स्थानों पर स्थित देवी मंदिरों और खेरमाई स्थलों में श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसरों में भक्तों की कतारें लगी रहीं और पूरा वातावरण माता की भक्ति से सराबोर नजर आया।
– अठवाई का भोग लगाकर की सुख-समृद्धि की कामना
नवरात्र की अष्टमी तिथि पर माता को अठवाई का भोग लगाने की विशेष परंपरा के तहत श्रद्धालुओं ने देवी मंदिरों में पहुंचकर पूजन सामग्री अर्पित की। भक्तों ने मां दुर्गा से परिवार की खुशहाली, सुख-समृद्धि और जीवन में शांति बनाए रखने की प्रार्थना की। देवी मंदिरों के साथ विभिन्न देवी मड़ियों और पूजा पंडालों में भी श्रद्धालुओं ने माता की आराधना कर भेंट अर्पित की।
– मंदिरों और पंडालों में हुए धार्मिक आयोजन
अष्टमी पर्व पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हवन-पूजन सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शहपुरा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक पर्व मनाया। कई स्थानों पर हवन-पूजन के बाद कन्या पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने कन्याओं का पूजन कर नवरात्र की धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया।
नवरात्र के चलते जिलेभर के देवी मंदिरों और पूजा पंडालों में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। अष्टमी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता ने पर्व की रौनक बढ़ा दी। भक्तों ने मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाकर परिवार और समाज की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
