– मूसामुंडी में सामुदायिक भवन और गाड़ासरई में फिश पार्लर का निरीक्षण, निर्माण कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश
डिंडौरी न्यूज । कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने शनिवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोरखपुर स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया और उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली।
सेवा संकल्प अभियान के तहत नवाचार के रूप में Soles for Souls पहल के अंतर्गत छात्रावास में अध्ययनरत कक्षा 6वीं से 8वीं तक की लगभग 50 छात्राओं को जूते-मौजे पहनाए गए। इस दौरान कलेक्टर ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई, विद्यालयीन सुविधाओं और दैनिक आवश्यकताओं को लेकर सहज संवाद किया। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे अपनी समस्याएं और आवश्यकताएं बिना संकोच उनके सामने रखें।
संवाद के दौरान छात्राओं ने विद्यालय में पेयजल सुविधा के लिए आरओ मशीन लगाए जाने की मांग रखी। कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने मांग को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को छात्रावास में शीघ्र आरओ मशीन स्थापित कराने के निर्देश दिए।
– करियर को लेकर भी छात्राओं से की चर्चा
कलेक्टर ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में भी बातचीत की। उन्होंने पूछा कि पढ़ाई पूरी करने के बाद वे किस क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं। छात्राओं की रुचियों को जानने के बाद कलेक्टर ने उन्हें अपनी पसंद और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ अपने लक्ष्य को लेकर स्पष्ट रहना और निरंतर मेहनत करना सफलता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कलेक्टर ने छात्राओं को अपनी प्रतिभा और रुचि के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
– निर्माण कार्यों का भी लिया जायजा
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम पंचायत मूसामुंडी में सामुदायिक भवन तथा गाड़ासरई में निर्माणाधीन फिश पार्लर का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से कार्य की स्थिति की जानकारी ली।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिव्यांशु चौधरी तथा डीएफओ श्री अशोक कुमार सोलंकी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
