—Advertisement—

बीएसएनएल लाइन बिछाने के लिए सड़क की अनियोजित खुदाई, कुकर्रामठ-सिमरिया मार्ग हुआ बदहाल

एडीटर: Chetram Rajpoot October 3, 2026

—Advertisement—

– ग्रामीणों में आक्रोश, दलदल में तब्दील हुए रास्ते से मवेशियों और किसानों की आवाजाही प्रभावित

डिंडौरी। समनापुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत कुकर्रामठ से सिमरिया तक जाने वाले पहुंच मार्ग को बीएसएनएल लाइन बिछाने के लिए की गई कथित अनियोजित खुदाई के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित ठेकेदार द्वारा सड़क की स्थिति और बारिश के मौसम को ध्यान में रखे बिना खुदाई का कार्य कराया गया, जिसके बाद मार्ग कई स्थानों पर दलदल में तब्दील हो गया है।

ग्रामीणों के अनुसार बीएसएनएल की लाइन बिछाने के लिए सड़क किनारे खुदाई की जा रही है। ग्रामीणों ने संबंधित ठेकेदार से बारिश समाप्त होने के बाद लाइन बिछाने का कार्य शुरू करने तथा खुदाई से निकलने वाले मलवे को व्यवस्थित तरीके से सड़क के किनारे रखने की बात कही थी, ताकि आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो। इसके बावजूद ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा कथित तौर पर मनमाने ढंग से खुदाई कर दी गई।

– दैनिक आवागमन का मार्ग हुआ मुश्किल

कुकर्रामठ से सिमरिया जाने वाला मार्ग ग्रामीणों के लिए दैनिक आवागमन का महत्वपूर्ण रास्ता है। इसी मार्ग से ग्रामीणों के साथ किसान और मवेशी भी आवागमन करते हैं। सड़क की खुदाई के बाद बारिश होने से कई हिस्सों में मिट्टी और पानी जमा हो गया है, जिससे मार्ग की स्थिति खराब हो गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मौजूदा स्थिति के कारण पैदल चलने के साथ ही दोपहिया और अन्य वाहनों से आवागमन में भी परेशानी हो रही है। किसानों को खेतों तक पहुंचने तथा मवेशियों को लाने-ले जाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

– ग्रामीणों में बढ़ रहा आक्रोश

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और बीएसएनएल के अधिकारियों से मांग की है कि लाइन बिछाने के कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त किए गए मार्ग को व्यवस्थित किया जाए। साथ ही सड़क की खुदाई के बाद निकले मलवे को उचित स्थान पर हटाकर मार्ग को आवागमन योग्य बनाया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।

ग्रामीणों का कहना है कि संचार सुविधा के लिए लाइन बिछाने का कार्य आवश्यक है, लेकिन इसके चलते आम ग्रामीणों के दैनिक उपयोग वाले मार्ग को इस तरह क्षतिग्रस्त नहीं किया जाना चाहिए कि लोगों की आवाजाही ही मुश्किल हो जाए। क्षेत्रीय जनपद पंचायत सदस्य राहुल पांडे ने प्रशासन से मामले का निरीक्षण कर संबंधित ठेकेदार को सड़क को पूर्व स्थिति में लाने के निर्देश देने की मांग की है।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment