—Advertisement—

पंचायत उप चुनाव की तस्वीर साफ: चार पदों के परिणाम घोषित, विजेताओं को मिले प्रमाण-पत्र

एडीटर: Chetram Rajpoot October 3, 2026

—Advertisement—

– करंजिया में बिसाहू सिंह मरकाम जनपद सदस्य,गोपालपुर में सरस्वती पन्द्राम, कोकोमटा में रामकिशन धुर्वे और बोधघुंडी में निर्मल बाई विजयी घोषित

डिंडौरी न्यूज। जिले में पंचायत उप निर्वाचन 2026 के अंतर्गत निर्धारित पदों के लिए संपन्न मतदान के बाद शनिवार को मतगणना का कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हुआ। मतगणना पूरी होने के बाद संबंधित निर्वाचन अधिकारियों द्वारा परिणाम घोषित किए गए तथा विजयी अभ्यर्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। परिणाम घोषित होने के साथ ही जिले में पंचायत उप निर्वाचन 2026 की निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण हो गई।

मतगणना के दौरान जनपद पंचायत करंजिया के क्षेत्र क्रमांक 10 में जनपद सदस्य पद के लिए चार अभ्यर्थियों के मतों की गणना की गई। इसमें चमरू सिंह पन्द्राम को 1111 मत, दरोगा सिंह को 475 मत, बिसाहू सिंह मरकाम को 1571 मत तथा नोटा को 105 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार बिसाहू सिंह मरकाम ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी चमरू सिंह पन्द्राम को 460 मतों के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की।

इसी प्रकार जनपद पंचायत करंजिया की ग्राम पंचायत गोपालपुर में सरपंच पद के लिए हुए उप निर्वाचन की मतगणना में सरस्वती पन्द्राम को 475 मत, रामप्यारी धुर्वे को 177 मत तथा नोटा को 7 मत प्राप्त हुए। सरस्वती पन्द्राम ने 298 मतों के अंतर से विजय हासिल की।

वहीं जनपद पंचायत समनापुर की ग्राम पंचायत कोकोमटा में सरपंच पद के लिए रामकिशन धुर्वे को 418 मत, बखतराम को 233 मत, राममिलन को 118 मत तथा नोटा को 13 मत प्राप्त हुए। परिणामस्वरूप रामकिशन धुर्वे ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 185 मतों से पराजित कर सरपंच पद पर जीत दर्ज की।

इसके अलावा जनपद पंचायत अमरपुर की ग्राम पंचायत बोधघुंडी में सरपंच पद के लिए निर्मल बाई को 337 मत, जयमति कुशराम को 153 मत तथा नोटा को 40 मत प्राप्त हुए। इस तरह निर्मल बाई ने 184 मतों के अंतर से विजय हासिल की।

मतगणना पूरी होने के बाद सभी विजयी अभ्यर्थियों को संबंधित जनपद पंचायत के रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। परिणाम घोषित होने के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया।

– निर्धारित प्रक्रिया के तहत हुई मतगणना

मतगणना कार्य राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराया गया। प्रशासन द्वारा मतगणना केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ ही सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पूरी मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हुई।

पंचायत उप निर्वाचन 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों, मतदान एवं मतगणना दलों, सुरक्षा बलों तथा अन्य संबंधितों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रशासन की ओर से निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों-कर्मचारियों और संबंधित पक्षों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

 

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment