—Advertisement—

अतिथि शिक्षिका को हटाने की मांग, पालकों की चेतावनी- कार्रवाई नहीं हुई तो स्कूल भेजना करेंगे बंद 

एडीटर: Chetram Rajpoot September 26, 2026

—Advertisement—

– कोंदाटोला सड़वाछापर की नवीन प्राथमिक शाला का मामला, शाला प्रबंधन समिति ने दूसरी अतिथि शिक्षिका की नियुक्ति की भी उठाई मांग

डिंडौरी न्यूज । करंजिया विकासखंड की नवीन प्राथमिक शाला कोंदाटोला सड़वाछापर में अतिथि शिक्षिका की पदस्थापना को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामीणों एवं शाला प्रबंधन समिति की ओर से कलेक्टर डिंडौरी अंजू पवन भदौरिया तथा जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते को आवेदन सौंपकर वर्ग-3 की अतिथि शिक्षिका वर्षा झारिया को हटाने की मांग की गई है। साथ ही स्कूल में दूसरी अतिथि शिक्षिका सुषमा मसराम की नियुक्ति किए जाने की मांग भी आवेदन के माध्यम से उठाई गई है। पालकगणों का कहना है कि अतिथि शिक्षक को नहीं हटाया जाता है तो सभी पालक बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे।

– तीन वर्षों से पदस्थ होने का दावा

ग्रामीणों और शाला प्रबंधन समिति द्वारा दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि संबंधित अतिथि शिक्षिका करीब तीन वर्षों से विद्यालय में पदस्थ हैं। आवेदकों ने उनकी कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष जताते हुए पूर्व में भी उन्हें हटाने की मांग किए जाने का दावा किया है। आवेदन में कहा गया है कि ग्रामीणों और शाला प्रबंधन समिति की ओर से शिकायत के बावजूद संबंधित शिक्षिका को विद्यालय में पदस्थ रखा गया है।

– पूर्व शिकायत और जांच प्रक्रिया पर भी सवाल

ग्रामीणों ने अपने आवेदन में पूर्व में की गई शिकायत और उसके बाद हुई जांच प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद उन्हें अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर नहीं मिला। ऐसे में ग्रामीणों ने पूरे मामले की दोबारा निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की है।

– दूसरी अतिथि शिक्षिका की नियुक्ति की मांग

आवेदन में ग्रामीणों एवं शाला प्रबंधन समिति ने वर्तमान अतिथि शिक्षिका को हटाने के साथ ही सुषमा मसराम को विद्यालय में अतिथि शिक्षिका के रूप में नियुक्त किए जाने की मांग भी की है। उनका कहना है कि विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मामले में शीघ्र निर्णय लिया जाना चाहिए।

– कार्रवाई नहीं हुई तो तालाबंदी की चेतावनी

ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो शाला प्रबंधन समिति और अभिभावक आंदोलनात्मक कदम उठा सकते हैं। आवेदन में स्कूल में तालाबंदी करने तथा बच्चों की टीसी कटवाने जैसे कदम उठाए जाने की बात कही गई है।

– आंगनवाड़ी भवन में संचालित हो रहा स्कूल

मामले का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि नवीन प्राथमिक शाला कोंदाटोला सड़वाछापर वर्तमान में स्कूल भवन के बजाय आंगनवाड़ी भवन में संचालित होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में विद्यालय की मूलभूत व्यवस्थाओं के बीच अतिथि शिक्षिका की नियुक्ति को लेकर सामने आया विवाद स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment