– अमरपुर के रहंगी माल निवासी ने कलेक्टर की जनसुनवाई में की शिकायत, 15 अक्टूबर 2025 को रजिस्ट्री के बाद भी अब तक नहीं हुआ नामांतरण
डिंडौरी। जिले के अमरपुर तहसील क्षेत्र में जमीन के नामांतरण को लेकर एक ग्रामीण ने पटवारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कलेक्टर की जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि जमीन के नामांतरण के एवज में पटवारी द्वारा पहले 2 हजार रुपए लिए जा चुके हैं, जबकि नामांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए 3 हजार रुपए की अतिरिक्त मांग की जा रही है।
कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन के अनुसार, नंदकुमार परस्ते पिता मानिक लाल परस्ते, निवासी ग्राम रहंगी माल, ग्राम पंचायत बटिया, तहसील अमरपुर, जिला डिंडौरी ने बताया कि उन्होंने ग्राम रहंगी माल स्थित खसरा नंबर 130/3 की 0.06 हेक्टेयर भूमि का पंजीयन दिनांक 15 अक्टूबर 2025 को कराया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि रजिस्ट्री होने के बाद भी आज दिनांक तक उक्त भूमि का नामांतरण नहीं किया गया है।
– पहले ₹2 हजार लिए, अब ₹3 हजार और मांगने का आरोप
शिकायत में नंदकुमार परस्ते ने आरोप लगाया है कि नामांतरण कराने के लिए संबंधित पटवारी द्वारा उनसे ₹2,000 ले लिए गए, लेकिन इसके बावजूद नामांतरण नहीं किया गया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, पटवारी से संपर्क करने पर अब ₹3,000 और जमा करने की बात कही जा रही है, जिसके बाद ही नामांतरण किए जाने की बात कही गई।
शिकायतकर्ता ने स्वयं को गरीब आदिवासी बताते हुए कलेक्टर से मामले में हस्तक्षेप कर नामांतरण की समस्या का समाधान कराने तथा संबंधित मामले की जांच कराने का अनुरोध किया है।
– कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचा मामला
ग्रामीण द्वारा प्रस्तुत आवेदन में रजिस्ट्री के स्टाम्प की प्रति संलग्न किए जाने का भी उल्लेख है। शिकायत दिनांक 9 सितंबर 2026 को कलेक्टर की जनसुनवाई के माध्यम से प्रस्तुत की गई है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि शिकायत में लगाए गए रुपए लेने और अतिरिक्त राशि मांगने के आरोपों की प्रशासनिक जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और संबंधित राजस्व अमले के विरुद्ध कोई कार्रवाई होती है या नहीं।
